नॉलेज

जब 'कलवरी' पनडुब्बी ने बढ़ाई थी भारतीय नौसेना की ताकत, जानें रोचक इतिहास

8 December History: इतिहास में आठ दिसंबर का दिन बहुत सी महत्वपूर्ण घटनाओं के साथ दर्ज है। आज ही के दिन पहली पनडुब्बी ‘कलवरी’ को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था और इसे 31 मार्च 1996 को 30 वर्ष की राष्ट्र सेवा के बाद नौसेना से सेवानिवृत्त कर दिया गया। इसका नाम हिंद महासागर में पाई जाने वाली खतरनाक टाइगर शार्क के नाम पर कलवरी रखा गया।

Image

आज का इतिहास

Photo : Times Now Digital

8 December History: आठ दिसंबर की तारीख देश की हिफाजत में तैनात सेनाओं के लिए खास अहमियत रखती है। दरअसल आठ दिसंबर 1967 को पहली पनडुब्बी ‘कलवरी’ को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था और इसे 31 मार्च 1996 को 30 वर्ष की राष्ट्र सेवा के बाद नौसेना से सेवानिवृत्त कर दिया गया। इसका नाम हिंद महासागर में पाई जाने वाली खतरनाक टाइगर शार्क के नाम पर कलवरी रखा गया।

इसके बाद विभिन्न श्रेणियों की बहुत सी पनडुब्बियां नौसेना का हिस्सा बनीं। फ्रांस के सहयोग से देश में ही निर्मित स्कार्पीन श्रेणी की आधुनिकतम पनडुब्बी को 2017 में नौसेना में शामिल किया गया और इसका नाम भी कलवरी ही रखा गया है। कलवरी को दुनिया की सबसे घातक पनडुब्बियों में से एक माना जाता है। आधुनिकतम तकनीक से निर्मित पनडुब्बी एक बेहतरीन मशीन है और समुद्र के नीचे एक खामोश प्रहरी की तरह रहती है। जरूरत पड़ने पर यह दुश्मन की नजर बचाकर सटीक निशाना लगाने और भारी तबाही मचाने में सक्षम होती है।

देश दुनिया के इतिहास में आठ दिसंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:

1863 : चिली की राजधानी सांतियागो में एक गिरिजाघर में आग लगने से तकरीबन ढाई हजार लोगों की मौत।

1875 : देश के महान उदारवादी नेताओं में शुमार तेज बहादुर सप्रू का अलीगढ़ में जन्म।

1881 : आस्ट्रिया की राजधानी विएना में थियेटर में आग लगने से 800 से ज्यादा लोगों की मौत।

1900 : प्रख्यात नर्तक उदय शंकर का जन्म।

1967 : कलवरी श्रेणी की पहली पनडुब्बी भारतीय नौसेना का हिस्सा बनी। 1980 : दुनियाभर में मशहूर बीटल बैंड में शामिल रहे जान लेनन की एक अज्ञात बंदूकधारी ने न्यूयार्क में गोली मारकर हत्या कर दी।

1983 : ब्रिटेन की संसद के उच्च सदन ‘हाउस आफ लॉर्ड्स में टेलीविजन कैमरे के प्रवेश की पहली बार इजाजत दी गई। सदन के सदस्यों ने सीधे प्रसारण के हक में मतदान किया जिसके बाद ऐसा संभव हो सका।

1987 : अमेरिका के राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन और सोवियत नेता मिखाइल गोर्बाच्योफ ने परमाणु हथियारों में कटौती की संधि पर हस्ताक्षर किए।

1991 : रूस, यूक्रेन और बेलारूस ने सोवियत संघ के पतन के बाद स्वतंत्र देशों का राष्ट्रमंडल बनाने के लिए एक संधि पर दस्तखत किए।

2000 : फ्रांस के वैज्ञानिकों ने अल्जाइमर का नया उपचार खोजने का दावा किया।

2002 : अमेरिका ने भारत की पारम्परिक जैव सम्पदा नीम, हल्दी और जामुन का पेटेंट हासिल करने के बाद गौमूत्र का भी पेटेंट कराया।

2004 : पाकिस्तान ने 700 किलोमीटर मारक क्षमता से लैस शाहीन-1 मिसाइल का सफल परीक्षण किया।

2010 : अमेरिका की एयरोस्पेस कंपनी ‘स्पेसएक्स’ ने अपना यान अंतरिक्ष में भेजा। ऐसा करने वाली वह दुनिया की पहली निजी कंपनी बनी। यह यान कक्षा में सफलतापूर्वक छोड़ा गया और अपनी कार्य अवधि पूरी करने के बाद वापस लौट आया।

2021: भारत के प्रथम प्रमुख रक्षा अध्यक्ष बिपिन रावत का निधन।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें