नॉलेज

विज्ञान के क्षेत्र में नोबेल जीतने वाले एशिया के पहले वैज्ञानिक थे सीवी रमन; जानिए क्यों खास है आज की तारीख

7 November 2024: दुनिया के इतिहास में 7 नवंबर का दिन महत्वपूर्ण घटनाओं के नाम दर्ज है। आज ही के दिन साल 1888 में विज्ञान के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार जीतने वाले एशिया के पहले वैज्ञानिक सर चंद्रशेखर वेंकटरमन का जन्म हुआ था, जिन्हें सीवी रमन के नाम से जाना जाता है।

Image

आज का इतिहास

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
1858 में महान स्वतंत्रता सेनानी बिपिन चंद्र पाल का जन्म हुआ था।
1862 में अंतिम मुगल बादशाह बहादुरशाह जफर का निधन।
1867 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित मैरी क्यूरी का जन्म हुआ था।

7 November 2024: इतिहास के पन्नों में सात नवंबर की तारीख भारत के एक महान वैज्ञानिक के जन्मदिन के तौर पर दर्ज है। विज्ञान के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार जीतने वाले एशिया के पहले वैज्ञानिक सर चंद्रशेखर वेंकटरमन का जन्म 7 नवंबर, 1888 को तमिलनाडु के तिरूचिरापल्ली में हुआ था। प्रकाश परावर्तन के क्षेत्र में उनकी खोज के लिए रमन को 1930 में भौतिक शास्त्र के नोबेल पुरस्कार से नवाजा गया था।

सीवी रमन ने जिस समय अपनी यह अद्भुत खोज की वह आजादी से पहले का कठिनाइयों से भरा दौर था और प्रयोग करने के लिए आधुनिक यंत्रों और प्रयोगशालाओं का नितांत अभाव था, लेकिन तमाम मुश्किलों के बावजूद विज्ञान के प्रति रमन का रुझान उन्हें विश्व के शीर्ष सम्मान तक ले गया।

देश-दुनिया के इतिहास में सात नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:

1858 : अंग्रेजों के खिलाफ लोहा लेने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी बिपिन चंद्र पाल का जन्म। लाला लाजपत राय और बाल गंगाधर तिलक के साथ उनकी तिकड़ी को ‘लाल बाल पाल’ के नाम से पुकारा गया।

1862 : अंतिम मुगल बादशाह बहादुरशाह जफर का निधन। ब्रिटिश हुकूमत ने उन्हें स्वतंत्रता सेनानियों का साथ देने पर रंगून (अब म्यांमा) निर्वासित कर दिया था, जहां ब्रिटिश हुकूमत की हिरासत में ही उन्होंने अंतिम सांस ली।

1867 : रेडियोधर्मिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण खोज के लिए नोबेल पुरस्कार से सम्मानित मैरी क्यूरी का जन्म। वह नोबेल पुरस्कार से सम्मानित पहली महिला हैं। वह ऐसी पहली शख्सियत और एकमात्र महिला हैं जिन्हें दो बार नोबेल पुरस्कार मिला है। उन्हें रसायन विज्ञान के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान के लिए नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया था।

1888 : भारत के महान भौतिक शास्त्री सी वी रमन का जन्म। उन्हें 1930 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

1996 : नासा ने मंगल ग्रह का लंबे समय तक अध्ययन करने के लिए रोबोटिक अंतरिक्ष यान मार्स ग्लोबल सर्वेयर को अंतरिक्ष में भेजा।

1998 : दुनिया के सबसे बुजुर्ग अंतरिक्ष यात्री अमेरिका के सीनेटर जॉन ग्लेन अपनी ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा को सफलतापूर्वक पूरा कर धरती पर वापस लौटे। अधिक उम्र में अंतरिक्ष यात्रा के शरीर पर पड़ने वाले प्रभाव का पता लगाने के लिए उन्हें 77 वर्ष की आयु में नासा द्वारा अंतरिक्ष में भेजा गया था।

2003 : अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने देश में गर्भपात पर रोक सम्बन्धी विधेयक पर हस्ताक्षर किए।

2020 : जर्मनी में कोरोना वायरस संक्रमण के एक ही दिन में सर्वाधिक 23,300 नए मामले।

2021 : ड्रोन हमले में बाल-बाल बचे इराक के प्रधानमंत्री मुस्तफा अल-कदीमी, सात सुरक्षाकर्मी घायल।

2023 : ब्रिटेन की राजगद्दी संभालने के बाद महाराजा चार्ल्स तृतीय ने राष्ट्राध्यक्ष के तौर पर संसद को संबोधित किया।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article