नॉलेज

जब मोबाइल फोन क्रांति के सूत्रधार स्टीव जॉब्स ने दुनिया को कहा था अलविदा; जानें आज की तारीख का इतिहास

5 October History: दुनिया के इतिहास में 5 अक्टूबर का दिन महत्वपूर्ण घटनाओं के नाम दर्ज है। आज ही के दिन दुनियाभर में कंप्यूटर और मोबाइल फोन के क्षेत्र में क्रांति के अग्रदूत माने जाने वाले एप्पल कंपनी के संस्थापक स्टीव जॉब्स ने दुनिया को अलविदा कहा था। उनके दृढ़निश्चय तथा नवाचार ने बाजार को एक नई दिशा दी थी।

Image

आज का इतिहास

Photo : Times Now Digital

5 October History: कुछ लोग अपनी उपलब्धियों से इतिहास की दिशा बदल देते हैं। दुनियाभर में कंप्यूटर और मोबाइल फोन के क्षेत्र में क्रांति के अग्रदूत माने जाने वाले एप्पल कंपनी के संस्थापक स्टीव जॉब्स एक ऐसे ही व्यक्ति थे, जिन्होंने आसमान की बुलंदियां हासिल कीं और अपने दृढ़निश्चय तथा नवाचार से अपने उत्पादों के जरिए बाजार को एक नयी दिशा दी। पांच अक्टूबर 2011 की तारीख उस महान विभूति की पुण्यतिथि के रूप में इतिहास में दर्ज है।

देश-दुनिया के इतिहास में पांच अक्टूबर की तारीख पर दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1524 : रानी दुर्गावती का जम्न कालिंजर के किले में हुआ।

1676 : ब्रिटिश हुकूमत ने ईस्ट इंडिया कंपनी को दो तरह के सिक्के ढालने की इजाजत दी। बंबई में ढाली गई यह मुद्रा रुपया और पैसा कहलाई।

1805 : ब्रिटिश शासन के दूसरे गवर्नर जनरल लॉर्ड कार्नवालिस का उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में निधन।

1813 : थेम्स की लड़ाई (जो अब कनाडा का ओंटारियो है) में अमेरिका के सैनिकों ने ब्रिटिश सेना को मात दी। ब्रिटिश सेना में तकरीबन 1000 भारतीय सैनिक थे।

1864: कलकत्ता (अब कोलकाता) में आए प्रलयकारी भूकंप में शहर का बड़ा हिस्सा तबाह। भूकंप में तकरीबन 60 हजार लोगों की मौत हुई।

1975 : इंग्लैंड के बर्कशायर में केट विंस्लेट का जन्म। कई फिल्मों में महिलाओं के अलहदा किरदारों को अपने अभिनय से अमर बनाने वाली केट को फिल्म टाइटैनिक में उनकी भूमिका के लिए दुनियाभर में सराहा गया।

1989: मीरा साहिब फातिमा बीबी देश की शीर्ष अदालत में पहली महिला न्यायाधीश बनीं।

1991: इंडियन एक्सप्रेस समूह के संस्थापक और देश की पत्रकारिता के स्तंभ माने जाने वाले रामनाथ गोयनका का निधन। उन्हें प्रेस की स्वतंत्रता का मुखर पैरोकार माना जाता है।

2011 : एप्पल के संस्थापक स्टीव जॉब्स का निधन। अमेरिका के इस करिश्माई व्यक्ति ने कंप्यूटर और मोबाइल फोन के बाजार को एक नयी दिशा दी।

2021 : स्यूकूरो मनाबे, क्लॉस हैसलमैन और जॉर्जियो पारिसी को भौतकी के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article