नॉलेज

पर्सनल कंप्यूटर के क्षेत्र में क्रांति के अग्रदूत रहे बिल गेट्स का जन्मदिन आज, जानिए आज की तारीख का इतिहास

28 October History: दुनिया के इतिहास में 28 अक्टूबर का दिन महत्वपूर्ण घटनाओं के नाम दर्ज है। साल 1955 में आज ही के दिन पर्सनल कंप्यूटर के क्षेत्र में क्रांति के अग्रदूत रहे बिल गेट्स का जन्म हुआ। उन्होंने दुनियाभर में खूब नाम कमाया। उनकी तरक्की की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 32 साल पूरे होने के पहले ही 1987 में उनका नाम अरबपतियों की फ़ोर्ब्स की सूची में आ गया।

Image

आज का इतिहास

Photo : Times Now Digital

28 October History: बिल गेट्स का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। 28 अक्टूबर, 1955 को वाशिंगटन में जन्मे बिल ने वर्ष 1975 में पाल एलन के साथ मिलकर सॉफ्टवेयर कम्पनी माइक्रोसॉफ्ट की स्थापना की। तब कौन जानता था कि यह देखते ही देखते दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी बन जाएगी और गेट्स पर्सनल कंप्यूटर के क्षेत्र में क्रान्ति के अग्रदूत बनेंगे। उनकी तरक्की की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 32 साल पूरे होने के पहले ही 1987 में उनका नाम अरबपतियों की फ़ोर्ब्स की सूची में आ गया और कई साल तक वह इस सूची में पहले स्थान पर रहे।

अथाह धन होने के बावजूद बेहद सामान्य और सहज जीवन बिताने वाले बिल गेट्स अपनी कमाई का एक बड़ा हिस्सा धर्मार्थ कार्यों एवं समाज सुधार पर खर्च करते हैं। उन्होंने दो किताबें भी लिखीं हैं, द रोड अहेड और बिजनेस @ स्पीड ऑफ़ थॉट्स।

देश दुनिया के इतिहास में 28 अक्टूबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:

1867: स्वामी विवेकानंद की शिष्या भगिनी निवेदिता का आयरलैंड में जन्म।

1886 : अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति ग्रोवर क्लेवलैंड ने फ्रांस की जनता की तरफ से अमेरिका की जनता को तोहफे के तौर पर मिले स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी को राष्ट्र को समर्पित किया।

1914 : अमेरिका के चिकित्सा विज्ञानी जोनास एडवर्ड साल्क का जन्म, जिन्होंने पोलियो की पहली सुरक्षित और कारगर दवा ईजाद की।

1955 : पेप्सिको की अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्रा नूयी का जन्म।

1955 : अमेरिका के विश्व प्रसिद्ध कंप्यूटर प्रोग्रामर और उद्यमी बिल गेट्स का जन्म।

1962: क्यूबा का मिसाइल संकट हल होने से विश्व ने राहत की सांस ली। अमेरिका के राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी ने रूस की इस घोषणा का स्वागत किया कि वह क्यूबा में तैनात अपने प्रक्षेपास्त्रों को निष्क्रिय करेगा।

1971: ग्रेट ब्रिटेन ने प्रोस्परो का प्रक्षेपण किया। यह एक्स-3 उपग्रह श्रृंखला का पहला उपग्रह था।

2009 : पाकिस्तान के पेशावर शहर में आत्मघाती बम हमले में 117 लोगों की मौत, 213 घायल हुए।

2012 - सीरिया में संघर्ष विराम का उल्लंघन, 128 लोग मारे गये।

2018: जायर बोल्सोनारो 5.7 करोड़ वोट हासिल कर ब्राजील के राष्ट्रपति निर्वाचित हुए। वर्कर्स पार्टी के उम्मीदवार फर्नांडो हेडेड दूसरे स्थान पर रहे। 16 साल में पहली बार वर्कर्स पार्टी के उम्मीदवार को नहीं मिली जीत।

2021: अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को मादक पदार्थ जब्त होने के मामले में 25 दिन जेल में बिताने के बाद बंबई उच्च न्यायालय ने जमानत दी।

2022: उद्योगपति एलन मस्क ने ट्विटर की कमान संभाली। भारतीय मूल के सीईओ पराग अग्रवाल समेत चार अधिकारियों को हटाया।

2023: गुजरात के सूरत शहर में तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के सात सदस्य अपने घर में मृत पाए गए। पुलिस ने जताया आत्महत्या का संदेह। सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी को बताया गया वजह।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें