नॉलेज

एक-दूसरे से जुदा, पर अपने-अपने क्षेत्र के दो कामयाब व्यक्तियों का जन्मदिन आज; जानें 26 सितंबर क्यों है खास

26 September History: दुनिया के इतिहास में 26 सितंबर का दिन महत्वपूर्ण घटनाओं के नाम दर्ज है। आज एक-दूसरे से जुदा पर अपने-अपने क्षेत्र के दो कामयाब व्यक्तियों का जन्मदिन है। एक का नाम तो 'आर्थिक सुधारों' के लिए लिया जाता है और बाद में उन्होंने 10 सालों तक देश की सत्ता भी संभाली। अब नाम तो आप समझ ही गए होंगे।

Image

आज का इतिहास

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • 1923 में जाने-माने अभिनेता देव आनंद का जन्म।
  • 1932 में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह का जन्म।
  • 1944 में सोवियत बलों ने एस्टोनिया पर कब्जा किया।

26 September History: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और गुजरे जमाने के मशहूर अभिनेता देव आनंद में समानता की बात करें तो वह है उनका जन्मदिन। हालांकि, इस बात से कोई इनकार नहीं कर सकता कि दोनों ने ही अपने-अपने क्षेत्र में शानदार कामयाबी हासिल की। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर, 1932 को हुआ था। वह 2004 से 2014 के बीच देश के प्रधानमंत्री रहे। सुलझे हुए अर्थशास्त्री डॉ.सिंह को तत्कालीन प्रधानमंत्री पीवी नरसिंह राव के कार्यकाल में वित्त मंत्री के रूप में किये गये आर्थिक सुधारों का श्रेय भी जाता है।

बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता देव आनंद का जन्म भी 26 सितंबर के दिन ही हुआ था। हिंदी सिनेमा में तकरीबन छह दशक तक दर्शकों पर अपने हुनर, अदाकारी और रूमानियत का जादू बिखेरने वाले सदाबहार अभिनेता देव आनंद का जन्म 1923 में अविभाजित भारत के पंजाब सूबे के गुरदासपुर में एक मध्यम वर्गीय परिवार में हुआ था। देव आनंद 50-60 के दशक के जाने-माने अभ‍िनेताओं में से एक थे। उनका व्यक्तित्व, अदाकारी, सिर को झटकने की अदा और संवाद अदायगी का अंदाज न‍िराला था। देव आनंद का तीन दिसंबर 2011 को 88 वर्ष की आयु में लंदन में निधन हो गया।

देश दुनिया के इतिहास में 26 सितंबर की तारीख पर दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:

1629: स्वीडन और पोलैंड ने अल्टमार्क की शांति संधि पर हस्ताक्षर किये।

1786: ब्रिटेन और फ्रांस ने व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किये।

1820: भारतीय समाज सुधारक, शिक्षाविद् और स्वतंत्रता सेनानी ईश्वर चन्द्र विद्यासागर का जन्म।

1919 : रोटरी क्लब ऑफ इंडिया की कलकत्ता में पहली बैठक हुई।

1923: जाने-माने अभिनेता देव आनंद का जन्म।

1932: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह का जन्म।

1944: सोवियत बलों ने एस्टोनिया पर कब्जा किया।

1953: अमेरिका और स्पेन ने रक्षा संधि पर हस्ताक्षर किये।

1954: जापान में तूफान से पांच नौकाएं डूबने से लगभग 1,600 लोगों की मौत।

1976: चीन ने लोप नोर में परमाणु परीक्षण किया।

1980: सोयुज 38 पृथ्वी पर लौटा।

1985: ट्यूनीशिया ने लीबिया के साथ राजनयिक संबंध खत्म किये।

1996: अंतरिक्ष यान एसटीएस 79 (अटलांटिस 17), पृथ्वी पर वापस लौटा।

1998 : सचिन तेंदुलकर ने एक दिवसीय क्रिकेट में 18वां शतक बनाकर विश्व रिकार्ड अपने नाम किया।

2009: केटसाना तूफान फिलिपीन, चीन, वियतनाम, कंबोडिया, लाओस और थाइलैंड से टकराया। तूफान से जुड़ी घटनाओं में 700 लोगों की मौत।

2010: फिलिपीन की राजधानी मनीला में डि ला सेल विश्वविद्यालय के निकट बम विस्फोटों के कारण 47 लोगों की मौत।

2023: जानी-मानी अभिनेत्री वहीदा रहमान को भारतीय सिनेमा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article