नॉलेज

'सदी के महानायक' की दुनिया है कायल, 'एंग्री यंगमैन' से लेकर 'बिग बी' तक मिले तमगे; जानें आज की तारीख का इतिहास

11 October History: दुनिया के इतिहास में 11 अक्टूबर का दिन महत्वपूर्ण घटनाओं के नाम दर्ज है। आज के दिन 1942 में हिंदी सिनेमा के सर्वकालिक लोकप्रिय अदाकार अमिताभ बच्चन का जन्म हुआ और वह 'सदी के महानायक' कहलाये, लेकिन उनके प्रशंसक उन्हें अलग-अलग नाम देते रहते हैं। कोई उन्हें 'सदी का महानायक' तो कोई 'बिग बी' कहता है।

Image

आज का इतिहास

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • सदी के महानायक का जन्मदिन आज।
  • 2005 में तीसरे अंतरिक्ष पर्यटक ग्रेगोरी ओल्सन पृथ्वी पर लौटे।
  • 2023 में इजरायली हमले में गाजा के इलाके बने खंडहर।

11 October History: साल के दसवें महीने की 11वीं तारीख को जन्मे इस शख्स को कोई ‘एंग्री यंगमैन’ कहता है, कोई ‘सदी का महानायक’, कोई ‘बिग बी’ तो कोई ‘शहंशाह’, उनके जितने प्रशंसक, उतने ही नाम। हम बात कर रहे हैं हिंदी सिनेमा के सर्वकालिक लोकप्रिय अदाकार अमिताभ बच्चन की। भारत के सिनेमा के इतिहास में युग पुरूष का दर्जा रखने वाले हरदिल अजीज कलाकार अमिताभ बच्चन का जन्म 11 अक्टूबर को ही हुआ था।

इलाहाबाद में 11 अक्टूबर 1942 को जन्मे अमिताभ ने 1969 में फिल्म ‘सात हिंदुस्तानी’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की, लेकिन 1973 में आई फिल्म ‘जंजीर’ में पुलिस इंस्पैक्टर की उनकी भूमिका ने उन्हें ‘एंग्री यंगमैन’ का तमगा दिलाया और उसके बाद ‘दीवार’ और ‘शोले’ जैसी फिल्मों ने उन्हें एक अभिनेता के तौर पर गढ़ दिया। इसके बाद की कहानी अपने आप में किसी परीकथा से कम नहीं।

देश दुनिया के इतिहास में 11 अक्टूबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:

1737 : कलकत्ता (अब कोलकाता) में भीषण समुद्री तूफान से छोटे बड़े सैकड़ों जहाज और छोटी नौकाएं तबाह हो गईं। ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने आधिकारिक तौर पर तूफान में तीन हजार लोगों के मारे जाने की बात कही। हालांकि अपुष्ट सूत्रों ने मरने वालों की तादाद कहीं ज्यादा बताई। तूफान की तारीख को लेकर भी विवाद रहा।

1902 : प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी, राजनीतिक नेता और लोकनायक के नाम से पुकारे गए जयप्रकाश नारायण का जन्म।

1923 : विश्व प्रसिद्ध गणितज्ञ हरीश चंद्र का जन्म । उन्होंने आधुनिक गणित की एक छोटी शाखा पर काम किया और उसे इस हद तक विकसित कर दिया कि दुनियाभर के गणितज्ञ उस शाखा की ओर आकर्षित हुए।

1942 : हिंदी सिनेमा के युग पुरूष अमिताभ बच्चन का जन्मदिन ।

1987 : भारतीय शांति सेना ने श्रीलंका में ‘आपरेशन पवन’ शुरू किया। इसका उद्देश्य जफना को लिबरेशन टाइगर्स आफ तमिल ईलम के कब्जे से मुक्त कराना था।

2000 : इंटरनेशनल वुमन आफ द ईयर एसोसिएशन ने अंतरिक्ष में जाने वाली पहली महिला रूस की वालेंतिना वी तेरेशकोवा को ग्रेटेस्ट वुमन एचीवर आफ द सेंचुरी अवार्ड देकर सम्मानित किया।

2002 : अमेरिकी कांग्रेस ने एक प्रस्ताव पारित कर तत्कालीन राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू बुश को इराक के खिलाफ बल प्रयोग के लिए व्यापक अधिकार दिए।

2002 : नेपाल नरेश ज्ञानेन्द्र द्वारा लोकेन्द्र बहादुर को प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया।

2005 : तीसरे अंतरिक्ष पर्यटक ग्रेगोरी ओल्सन पृथ्वी पर लौटे।

2007 : ब्रिटेन के उपन्यासकार डोरिस लैसिंग को वर्ष 2007 के साहित्य के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया।

2008 : तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कश्मीर की घाटी में चली पहली रेलगाड़ी को कोनौगाँव स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

2022 : नासा का अंतरिक्ष यान डार्ट करीब 1.10 करोड़ किलोमीटर दूर 22,500 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से डिमोरफोस नामक यान क्षुद्र ग्रह से टकराने के साथ उसकी कक्षा बदलने में सफल रहा ।

2023 : इज़राइली हमलों में गाजा के इलाके खंडहर बने, ईंधन के अभाव में इकलौता बिजली संयंत्र बंद ।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें