नॉलेज

भुलाई नहीं जा सकती आज की तारीख, जब अंतरिक्ष शटल दुर्घटना में भारत ने खोई थी 'कल्पना'

1 February History: इतिहास में एक फरवरी का दिन बहुत सी महत्वपूर्ण घटनाओं के साथ दर्ज है। आज ही के दिन वर्ष 2003 में अमेरिका का अंतरिक्ष शटल कोलंबिया दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और इसमें सवार सभी सात अंतरिक्ष यात्रियों की मौत हो गई। भारतीय मूल की कल्पना चावला भी इस हादसे में मारी गईं थीं।

Image

कल्पना चावला (फोटो साभार: NASA)

1 February History: एक फरवरी का दिन दुनिया के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के दिल में एक टीस बनकर बसा है। वर्ष 2003 में इसी तारीख को अमेरिका का अंतरिक्ष शटल कोलंबिया अपना अंतरिक्ष मिशन समाप्त करने के बाद लौटने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और इसमें सवार सभी सात अंतरिक्ष यात्रियों की मौत हो गई। भारतीय मूल की कल्पना चावला भी इस हादसे में मारी गईं थीं। कोलंबिया में मिशन विशेषज्ञ के तौर पर गईं कल्पना भारत में हरियाणा के करनाल में एक जुलाई 1961 को पैदा हुईं और वह पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाली पहली महिला थीं।

एक फरवरी 2020 को ब्रिटेन यूरोपीय संघ से अलग हो गया। ब्रिटेन ईयू से बाहर निकलने वाला पहला देश है। 47 साल तक ब्रिटेन ईयू का सदस्य रहा। ब्रिटेन की जनता ने जून 2016 में इसके समर्थन में मतदान किया था।

लोकतंत्र की दिशा में आगे बढ़ रहे दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र म्यामां में एक फरवरी 2021 को सेना ने तख्तापलट कर दिया और शीर्ष नेता आंग सान सू ची समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। सू ची ने लोकतंत्र की मांग को लेकर वर्षों तक संघर्ष किया, वर्षों तक वह नजरबंद रहीं और अपने प्रयासों के लिए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार भी मिला।

म्यामां 1962 से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग था तथा यहां पांच दशक तक सैन्य शासन रहा। बाद के वर्षों में लोकतंत्र कायम करने की दिशा में आंशिक, लेकिन अहम प्रगति हुई थी, लेकिन तख्तापलट से इस प्रक्रिया को खासा झटका लगा। म्यांमा में सैन्य शासन का लंबा इतिहास रहा है।

देश-दुनिया के इतिहास में एक फरवरी की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:

1785 : वॉरेन हेस्टिंग्स ने काउंसिल की बैठक में अंतिम बार हिस्सा लिया और फिर बंगाल के गवर्नर जनरल के पद से इस्तीफा दे दिया।

1797 : लार्ड कॉर्नवालिस ने बंगाल के गवर्नर जनरल के तौर पर शपथ ली।

1831 : कलकत्ता में पहली ललित कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

1855 : ईस्ट इंडिया रेलवे का औपचारिक उद्घाटन।

1881 : दिल्ली में सेंट स्टीफन कॉलेज की स्थापना।

1922 : महात्मा गांधी ने भारत के तत्कालीन वायसराय को पत्र लिखकर बताया कि वह अपने आंदोलन को गति दे रहे हैं और असहयोग आंदोलन अब सविनय अवज्ञा आंदोलन होगा।

1977 : भारत के पहले राष्ट्रीय रेल संग्रहालय की नयी दिल्ली में स्थापना।

1979 : ईरान के आध्यात्मिक नेता आयतुल्ला खामनेई 14 वर्षों के निर्वासन के बाद स्वदेश वापस लौटे।

2002 : अमेरिकी पत्रकार डेनियल पर्ल की आतंकवादियों ने हत्या की।

2003 : अंतरिक्ष से वापस लौटते हुए अमेरिका का अंतरिक्ष यान कोलंबिया पृथ्वी के वातावरण में आते ही दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे में भारत की कल्पना चावला सहित सातों अंतरिक्ष यात्री मारे गये।

2004 : सऊदी अरब में हज यात्रा के दौरान भगदड़ मचने से 250 से ज्यादा लोगों की मौत और 244 घायल।

2006 : विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मिस्र और नाइजर से पोलियो के उन्मूलन की सूचना दी और केवल भारत, अफगानिस्तान, नाइजीरिया और पाकिस्तान में इसकी मौजूदगी की बात कही। कुछ देशों में इसका संक्रमण दोबारा लौटने की भी जानकारी दी।

2009 : भारत के महेश भूपति और सानिया मिर्जा की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में पहली बार मिश्रित युगल (मिक्स्ड डबल) का खिताब जीता।

2020 : ब्रिटेन 47 साल तक यूरोपीय संघ का सदस्य रहने के बाद इससे अलग हो गया।

2022 : ब्राजील में भूस्खलन, बाढ़ से 24 लोगों की जान गई।

2023 : पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्र में योगदान के लिए ‘इंडिया-यूके अचीवर्स ऑनर्स’ ने लंदन में ‘लाइफटाइम अचीवमेंट ऑनर’ से सम्मानित किया।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें