PM Modi on Operation Sindoor: पीएम मोदी ने लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस के रूख पर वार करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत को दुनिया का समर्थन मिला, लेकिन वीर-जवानों के पराक्रम को कांग्रेस का समर्थन नहीं मिला। पीएम मोदी ने कहा कि गर्व है कि 'आतंकियों को ऐसी सजा दी कि आतंक के आकाओं की नींद उड़ी हुई है, यह विजयोत्सव आतंकी मुख्यालय को मिट्टी मिलाने और सिंदूर का सौगंध पूरा करने का है'
लोकसभा में पीएम मोदी ऑपरेशन सिंदूर पर बोले (फोटो:संसद टीवी)
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दुनिया के देशों का समर्थन मिला, लेकिन ये दुर्भाग्य है कि मेरे देश के वीरों के पराक्रम को कांग्रेस का समर्थन नहीं मिला। 22 अप्रैल के आतंकी हमले के बाद 3-4 दिन में ही ये उछल रहे थे, और कहना शुरू किया कि कहां गई 56 इंच की छाती, मोदी तो खो गया... ये मजा ले रहे थे। पहलगाम के निर्दोष लोगों की हत्या में भी वो अपनी राजनीति तरास रहे थे।
पीएम मोदी बोले कि पहलगाम हमला भारत में दंगे फैलाने की साजिश थी, मैं देशवासियों का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने एकता के साथ उस साजिश को नाकाम कर दिया, गर्व है कि आतंकियों को ऐसी सजा दी कि आतंक के आकाओं की नींद उड़ी हुई है'
'आतंक के आकाओं और पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी'
उन्होंने कहा कि भारत ने सिद्ध कर दिया कि 'न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग' अब नहीं चलेगी और इसके सामने नहीं झुकेगा, पीएम बोले कि थलसेना, वायुसेना और नौसेना के बीच के समन्वय ने पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए और ऑपरेशन सिंदूर ने तय कर दिया कि आतंक के आकाओं और पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
'कांग्रेस को मुद्दे भी पाकिस्तान से 'इम्पोर्ट' करने पड़ रहे हैं!'
पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ भारत 'आत्मनिर्भरता' की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है,और दूसरी तरफ कांग्रेस अब भी मुद्दों के लिए पाकिस्तान पर निर्भर होती जा रही है। दुर्भाग्य से कांग्रेस को मुद्दे भी पाकिस्तान से 'इम्पोर्ट' करने पड़ रहे हैं! 9 मई की रात और 10 मई की सुबह, हमने पाकिस्तान की सैन्य शक्ति को तहस-नहस कर दिया था। आज पाकिस्तान भी जान गया है कि भारत का हर जवाब पहले से ज्यादा तगड़ा होता है।
उसे ये भी पता है कि भविष्य में नौबत आई तो भारत आगे कुछ भी कर सकता है। इसलिए मैं फिर से लोकतंत्र के इस मंदिर में दोहराना चाहता हूं कि ऑपरेशन सिंदूर जारी है। पाकिस्तान ने दुस्साहस की अगर कल्पना की तो उसे करारा जवाब दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- 22 मिनट में 22 अप्रैल का बदला लिया- लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर बोले पीएम मोदी, विपक्ष पर बरसे
'QUAD हो या BRICS हो... दुनियाभर से भारत को समर्थन मिला'
पीएम मोदी ने कहा यहां पर विदेश नीति को लेकर भी काफी बातें कही गईं। दुनिया के समर्थन को लेकर भी काफी बातें कही गईं। दुनिया में किसी भी देश ने भारत को अपनी सुरक्षा में कार्रवाई करने से रोका नहीं है। 193 देशों में से सिर्फ 3 देश ने पाकिस्तान के समर्थन में बयान दिया था।
QUAD हो या BRICS हो... दुनियाभर से भारत को समर्थन मिला।
