महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर नगर में मौजूद औरंगजेब के मजार को लेकर विवाद थमता नहीं दिख रहा है। इसे हटाने की लगातार मांग उठाई जा रही है। महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने इसे लेकर बड़ी बात कह दी है।
महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस (फाइल फोटो)
ये भी पढ़ें- जिस मुफ्ती शाह मीर ने कुलभूषण जाधव को किया था ISI के हवाले, उसकी किसी ने गोली मारकर कर दी पाकिस्तान में हत्या
क्या बोले देवेन्द्र फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा है कि सभी का मानना है कि छत्रपति संभाजीनगर में स्थित मुगल बादशाह औरंगजेब की मजार को हटाया जाना चाहिए, लेकिन यह कानून के दायरे में किया जाना चाहिए, क्योंकि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस स्थल को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के संरक्षण में दे दिया था।
औरंगजेब की मजार को हटाने की मांग
मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज और सतारा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद उदयनराजे भोसले ने छत्रपति संभाजीनगर जिले में स्थित औरंगजेब के मजार को हटाने की मांग की थी। भोसले की मांग के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, "हम सभी यही चाहते हैं, लेकिन आपको इसे कानून के दायरे में करना होगा, क्योंकि यह एक संरक्षित स्थल है। इस स्थल को कुछ साल पहले कांग्रेस शासन के दौरान एएसआई के संरक्षण में दे दिया गया था।"
कैसे शुरू हुआ विवाद
महाराष्ट्र से समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आसिम आजमी द्वारा मुगल बादशाह औरंगजेब की प्रशंसा में की गई टिप्पणी से हाल ही में विवाद खड़ा हो गया था। पिछले सप्ताह औरंगजेब की प्रशंसा करने वाले बयान के कारण आजमी को 26 मार्च को बजट सत्र की समाप्ति तक महाराष्ट्र विधानसभा से निलंबित कर दिया गया है।
