वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राकेश अग्रवाल को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह कार्यवाहक निदेशक के तौर पर NIA की कमान संभाल रहे थे। अब केंद्र सरकार ने उन्हें औपचारिक रूप से NIA के नए महानिदेशक (डायरेक्टर जनरल) की जिम्मेदारी सौंप दी है। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब एजेंसी देश की आंतरिक सुरक्षा और आतंकवाद से जुड़े कई अहम मामलों की जांच कर रही है। इनसे पहले IPS अधिकारी सदानंद दाते इस पद को संभाल रहे थे। कैबिनेट की अपॉइंटमेंट्स कमेटी (ACC) द्वारा 1990 बैच के महाराष्ट्र कैडर के आईपीएस अधिकारी सदानंद दाते को उनके मूल कैडर में भेजने की मंजूरी देने के बाद राकेश अग्रवाल को NIA चीफ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।
NIA के नए चीफ बनाए गए IPS राकेश अग्रवाल (चित्र साभार: nia.gov.in)
हिमाचल कैडर के अधिकारी हैं राकेश अग्रवाल
आईपीएस राकेश अग्रवाल हिमाचल प्रदेश कैडर के 1994 बैच के अधिकारी हैं। करीब तीन दशक की सेवा में उन्होंने कई अहम पदों पर रहते हुए लंबा अनुभव हासिल किया है। सुरक्षा मामलों में उनकी समझ और प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए उन्हें NIA जैसे संवेदनशील संस्थान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (Appointments Committee of the Cabinet – ACC) ने राकेश अग्रवाल की नियुक्ति को मंजूरी दी है। इस संबंध में बुधवार को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया। आदेश के अनुसार, वे 31 अगस्त 2028 या अपनी सेवानिवृत्ति की तारीख या अगले आदेश तक, इस पद पर बने रहेंगे।
आतंरिक सुरक्षा में अहम भूमिका की उम्मीद
अपने लंबे करियर में उन्होंने कई अहम और संवेदनशील पदों पर काम किया है। आतंकवाद विरोधी अभियानों, जांच प्रक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में उनकी गहरी समझ मानी जाती है। इसी अनुभव को देखते हुए गृह मंत्रालय ने उनके नाम का प्रस्ताव कैबिनेट की नियुक्ति समिति को भेजा था, जिसे अब औपचारिक मंजूरी मिल गई है। राकेश अग्रवाल की नियुक्ति को देश की आतंरिक सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है। उनके अनुभव और प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए सरकार को उम्मीद है कि NIA आने वाले समय में जटिल और हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच को और मजबूत करेगी।
