LIVE

Cyclone Ditwah Live Updates: चक्रवात 'दितवाह' कमजोर होकर गहरे अवदाब में तब्दील हुआ

समुद्री तूफान दितवाह लगातार आग बढ़ रहा है और इसका असर दक्षिण भारत में दिखना शुरू हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि उत्तर की ओर बढ़ते हुए साइक्लोनिक तूफान आज यानी 30 नवंबर की सुबह और शाम तक तमिलनाडु-पुडुचेरी कोस्टलाइन से कम से कम 50 km और 25 km की दूरी पर बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी के ऊपर केंद्रित होगा। इसे लेकर राज्य सरकार और एनडीआरएफ, एसडीआरफ ने पूरी तैयारियां की हैं। तमिलनाडु में चक्रवात दितवाह के कारण उत्पन्न स्थिति को देखते हुए, एफडब्ल्यूआर और सीएसएसआर संसाधनों से लैस 6 बटालियन एनडीआरएफ की 5 टीमों को तमिलनाडु में तैनाती के लिए गुजरात के वडोदरा से चेन्नई हवाई मार्ग से लाया गया है। जानिए हर अपडेट
Cyclone Ditwah Live Updates: चक्रवात 'दितवाह' कमजोर होकर गहरे अवदाब में तब्दील हुआ
  • समुद्री तूफान दितवाह लगातार आगे बढ़ रहा है और इसका असर दक्षिण भारत में दिखना शुरू
  • आईएमडी ने बताया कि तूफान 30 नवंबर की शाम तक तमिलनाडु-पुडुचेरी कोस्टलाइन पर केंद्रित होगा
  • इसे लेकर राज्य सरकार और एनडीआरएफ, एसडीआरफ ने पूरी तैयारियां की हैं
  • एफडब्ल्यूआर और सीएसएसआर संसाधनों से लैस 6 बटालियन एनडीआरएफ की 5 टीमें तमिलनाडु पहुंचीं
Dec 1, 2025 | 07:19 AM IST

चक्रवात 'दितवाह' कमजोर होकर गहरे अवदाब में तब्दील हुआ

चक्रवात दितवाह कमजोर होकर रविवार रात गहरे अवदाब में तब्दील हो गया और यह मौसम प्रणाली सोमवार सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों से कम से कम 20 किलोमीटर की दूरी पर बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में केंद्रित हो जाएगी। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात दित्वा कुड्डालोर से लगभग 80 किलोमीटर पूर्व, कराईकल से 130 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, पुडुचेरी से 90 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व, वेदारण्यम से 180 किलोमीटर उत्तर-पूर्व और चेन्नई से 140 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है। मौसम विभाग द्वारा रविवार देर रात जारी बुलेटिन में कहा गया है, उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों से चक्रवात के केंद्र की न्यूनतम दूरी लगभग 80 किलोमीटर है। इसके उत्तर तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों के समानांतर उत्तर की ओर बढ़ने और एक दिसंबर सुबह तक कमजोर होकर अवदाब के क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है।
Nov 30, 2025 | 09:42 PM IST

320 से अधिक भारतीय नागरिकों को बचाया गया

श्रीलंका में चक्रवात ‘दितवाह’ से मौसम बिगड़ने के बाद कोलंबो हवाई अड्डे पर फंसे 320 से अधिक भारतीय नागरिकों को रविवार को भारतीय वायुसेना (IAF) और निजी एयरलाइनों की विशेष उड़ानों के माध्यम से सुरक्षित रूप से भारत वापस लाया गया। भारतीय उच्चायोग ने आईएएफ और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रुके 323 भारतीय यात्रियों की निकासी की पूरी प्रक्रिया का प्रभावी समन्वय किया।
Nov 30, 2025 | 07:37 PM IST

श्रीलंका में दित्वा चक्रवात के कारण 190 लोगों की मौत

श्रीलंका में चक्रवात ‘दित्वा’ के चलते आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बाद हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। 190 से अधिक लोगों की मौत और भारी तबाही के बीच रविवार को राहत और बचाव अभियान भारत की मदद से तेजी से आगे बढ़ रहा है। आपदा प्रबंधन केंद्र (DMC) द्वारा दोपहर 12 बजे जारी नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार से अब तक 193 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 228 लोग अब भी लापता हैं। कुल 9,68,304 से अधिक लोग इस आपदा से प्रभावित बताए जा रहे हैं। इस कठिन समय में भारत ने सक्रिय सहयोग किया है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और भारतीय वायुसेना की टीमें श्रीलंकाई अधिकारियों के साथ मिलकर लगातार बचाव कार्यों में जुटी हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी सोशल मीडिया पर बताया कि एनडीआरएफ के दल स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर तेजी से राहत कार्य कर रहे हैं। भारत ने ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत एनडीआरएफ के 80 सदस्यों वाले दो खोज एवं बचाव दल श्रीलंका भेजे हैं, जो ज़मीन पर तेजी से काम कर रहे हैं और प्रभावित लोगों को मदद पहुंचा रहे हैं।
Nov 30, 2025 | 04:40 PM IST

चक्रवात ‘दितवाह’ के मद्देनजर पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश के कारण नागपट्टिनम जिले में मनांगकोंडन नदी में बाढ़ आ गई है, जिससे करुप्पापुलम गांव जाने वाला रास्ता कट गया है।

Nov 30, 2025 | 04:39 PM IST

चक्रवाती तूफान दितवाह का अलर्ट

Nov 30, 2025 | 02:21 PM IST

28 आपदा प्रतिक्रिया दल तैयार

मंत्री रामचंद्रन ने कहा कि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ सहित 28 आपदा प्रतिक्रिया दल तैयार रखे गए हैं और अन्य राज्यों से 10 अतिरिक्त दल तमिलनाडु पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि ये दल उन क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्य के लिए भेजे जाएँगे जो बारिश से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। मंत्री ने कहा कि नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सरकार तटीय शहरों और बारिश से प्रभावित क्षेत्रों के जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री (एम के स्टालिन) के संज्ञान में लाए जाने के तुरंत बाद उन्हें जो भी सहायता चाहिए, वह प्रदान की जाएगी।
इस बीच, मौसम विभाग ने बताया कि पुडुचेरी के कराईकल में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 19 सेंटीमीटर बारिश हुई, जबकि मयिलादुथुराई जिले के सेम्बनारकोइल में रविवार सुबह 8.30 बजे तक 17 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
Nov 30, 2025 | 01:06 PM IST

चक्रवात का अगले 24 घंटों में इन जिलों में पर सबसे अधिक असर

चक्रवात के प्रभाव से अगले 24 घंटों में कुड्डालोर, नागापट्टिनम, मयिलादुथुराई, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू, पुदुक्कोट्टई, तंजावुर, तिरुवरूर, अरियालुर, पेरम्बलुर, तिरुचिरापल्ली, चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और रानीपेट जिलों तथा पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और बहुत अधिक भारी बारिश होने की संभावना है। बुलेटिन में कहा गया है कि समुद्र में स्थिति प्रतिकूल रहने संभावना है और एक दिसंबर की सुबह तक धीरे-धीरे हालात सुधरने की उम्मीद है जिसमें धीरे से सुधार होने की संभावना है। बुलेटिन के अनुसार मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री के. के. एस. एस. आर. रामचंद्रन ने कहा था कि राज्य सरकार ने राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) एवं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) समेत 28 आपदा प्रतिक्रिया टीम को प्रतिकूल परिस्थिति के लिए तैयार रहने को कहा है और दूसरे राज्यों से 10 और टीम के आने की उम्मीद है।
Nov 30, 2025 | 12:35 PM IST

तमिलनाडु के कावेरी डेल्टा जिलों में भारी बारिश

तमिलनाडु के कावेरी डेल्टा जिलों में भारी बारिश के कारण रामनाथपुरम और नागापट्टिनम जिलों में सबसे अधिक बारिश हुई। रामेश्वरम और नागापट्टिनम के तटवर्ती शहरों में जनजीवन पर असर पड़ा क्योंकि भारी बारिश से कई निचले इलाके जलमग्न हो गए। क्षेत्रीय मौसम विभाग द्वारा रविवार को जारी नवीनतम बुलेटिन के मुताबिक चक्रवात पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से लगभग उत्तर की ओर बढ़ा है। बुलेटिन में कहा गया है, अगले 24 घंटों में इसके उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों के समानांतर लगभग उत्तर की ओर बढ़ने की बहुत संभावना है। उत्तर की ओर बढ़ते समय चक्रवाती तूफान 30 नवंबर तक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर तमिलनाडु-पुडुचेरी तट से कम से कम 50 किलोमीटर और 25 किलोमीटर की दूरी पर केंद्रित रहेगा।
Nov 30, 2025 | 12:18 PM IST

तमिलनाडु में चक्रवात दितवाह से भारी नुकसान, तीन की मौत

तमिलनाडु में चक्रवात दितवाह के कारण हुई बारिश से जुड़ी घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है, मंत्री केकेएसएसआर रामचंद्रन ने रविवार को यह जानकारी दी। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ने बताया कि डेल्टा जिलों में 149 मवेशियों की मौत हो गई और 57,000 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र में पत्रकारों को जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, कल शाम से बारिश से जुड़ी घटनाओं में तीन लोगों की जान जा चुकी है। तूतीकोरिन और तंजावुर में क्रमशः दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि मयिलादुथुराई में बिजली का झटका लगने से 20 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। डेल्टा जिलों में कृषि भूमि पर हुए प्रभाव का ब्यौरा देते हुए मंत्री ने कहा कि नागपट्टिनम में 24,000 हेक्टेयर, तिरुवरुर में 15,000 हेक्टेयर और मयिलादुथुराई में 8,000 हेक्टेयर भूमि प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा, भारी बारिश के कारण कुल मिलाकर 57,000 हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई है।
Nov 30, 2025 | 11:37 AM IST

चक्रवात दितवाह पर लेटेस्ट अपडेट

चक्रवात दितवाह पर IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक आनंद कुमार दास ने कहा, आज और कल यह उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश को प्रभावित करेगा। हवा वर्तमान में 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है और 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है, धीरे-धीरे धीमी होकर 60-70 किमी प्रति घंटे हो जाएगी। शाम तक, यह 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ तूफानी हो जाएगी। इसके बाद, उत्तरी तमिलनाडु के तटीय वायु बेल्ट में मुख्य रूप से अत्यधिक भारी बारिश होगी, और दक्षिणी तटीय क्षेत्र में भारी से बहुत भारी वर्षा होगी। आज राहत के कोई संकेत नहीं हैं, क्योंकि यह तट के साथ उत्तर की ओर बढ़ेगा, और शाम तक यह समुद्र में चेन्नई के पास होगा। आज पूरे दिन बारिश जारी रहेगी, और कल दक्षिणी तटीय क्षेत्रों में होगी... तेलंगाना के कुछ जिलों में भी भारी वर्षा हो सकती है।
Nov 30, 2025 | 10:18 AM IST

कुड्डालोर, तमिलनाडु: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने #CycloneDitwah के मद्देनजर खतरे का संकेत संख्या 5 (D-V) जारी किया। संकेत 5 का अर्थ है कि हल्की या मध्यम तीव्रता का एक चक्रवाती तूफ़ान बंदरगाह को बाईं ओर रखते हुए तट को पार करेगा।

Nov 30, 2025 | 09:24 AM IST

केरल के मुख्यमंत्री ने जयशंकर को पत्र लिखकर मदद की पेशकश की

केरल के मुख्यमंत्री ने जयशंकर को पत्र लिखकर कोलंबो हवाई अड्डे पर फंसे भारतीयों के लिए सहायता की पेशकश की। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने शनिवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर चक्रवात दितवाह के कारण कोलंबो हवाई अड्डे पर फंसे भारतीयों के लिए राज्य की ओर से सभी आवश्यक सहायता की पेशकश की।
Nov 30, 2025 | 08:54 AM IST

चेन्नई, तमिलनाडु | चक्रवात दितवाह के प्रभाव के कारण राजधानी चेन्नई में तेज हवाएं और समुद्र की उथल-पुथल देखी जा रही है। मरीना बीच से दृश्य।

Nov 30, 2025 | 08:44 AM IST

दोपहर या शाम तक तूफान दितवाह का लैंडफॉल

चक्रवाती तूफान दितवाह अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों के समानांतर उत्तर की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना है। उत्तर की ओर बढ़ते हुए, चक्रवाती तूफान आज 30 नवंबर की दोपहर और शाम तक तमिलनाडु-पुडुचेरी तटरेखा से कम से कम 70 किमी और 30 किमी की दूरी पर बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में केंद्रित हो जाएगा: आईएमडी
Nov 30, 2025 | 08:33 AM IST

पुडुचेरी: चक्रवात दितवाह के करीब आने से पुडुचेरी में तेज हवाएं चल रही हैं

Nov 30, 2025 | 08:31 AM IST

चेन्नई, तमिलनाडु | चक्रवात दितवाह के नजदीक आने के कारण राजधानी चेन्नई में तेज हवाएं और समुद्र की उथल-पुथल देखी जा रही है। मरीना बीच से दृश्य।

Nov 30, 2025 | 08:22 AM IST

रेलवे पूरी तरह तैयार

तमिलनाडु में चक्रवात दितवाह के आने के मद्देनजर, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को रेल सेवाओं और यात्री सुरक्षा में न्यूनतम व्यवधान सुनिश्चित करने के लिए तैयारियों की समीक्षा की। चक्रवात से प्रभावित होने वाले तटीय क्षेत्र मुख्यतः दक्षिणी रेलवे क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। रेल मंत्रालय की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, यात्रा रद्द होने या मार्ग बदलने के कारण अनिश्चितताओं का सामना कर रहे यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन और यात्री सहायता डेस्क का एक समर्पित नेटवर्क स्थापित किया जाना चाहिए। इसमें आगे कहा गया है कि वैष्णव ने जन सुरक्षा के लिए भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि स्थिति की निगरानी और किसी भी विषम परिस्थिति के लिए सतर्क रहने हेतु मंडल, क्षेत्रीय और रेलवे बोर्ड स्तर पर वॉर रूम सक्रिय किए जाएं। बयान में कहा गया है, उन्होंने रेलवे अधिकारियों से नागरिक-प्रशासन अधिकारियों के साथ समन्वय करने और सामान्य स्थिति बहाल होने तक यात्रियों के साथ सक्रिय रूप से संवाद करने को भी कहा है।
Nov 30, 2025 | 08:22 AM IST

श्रीलंका में कम से कम 153 लोग मारे गए

वहीं, अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि चक्रवात दितवाह के कारण हुए भूस्खलन और बाढ़ में श्रीलंका में कम से कम 153 लोग मारे गए हैं, 191 अन्य लापता हैं और देश भर में पांच लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, 78,000 से ज्यादा लोगों को लगभग 800 राहत केंद्रों में पहुंचाया गया है, जिनमें से ज़्यादातर स्कूलों में स्थापित किए गए हैं।
Nov 30, 2025 | 08:21 AM IST

तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, क्योंकि चक्रवात दितवाह (Ditwah) तटीय क्षेत्रों के करीब आ रहा है। IMD ने भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है, और कुछ विशेष स्थानों पर अति भारी बारिश की संभावना जताई है, जिनमें कड्डलोर, नागपट्टिनम, मयिलाडुतुरै, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टु जिलों और पुडुचेरी-कारईकाल क्षेत्र शामिल हैं। तटीय क्षेत्रों में पहले ही तेज हवाएं और बारिश का असर दिख रहा है। तमिलनाडु के तूतुकुड़ी जिले में भारी बारिश के कारण शहर और उपनगरीय क्षेत्रों का अतिरिक्त जल पोर्ट ट्रस्ट के तटीय क्षेत्र में बहकर समुद्र में मिला। वहां समुद्र में असामान्य रूप से उथल-पुथल की स्थिति बनी हुई है।
Nov 30, 2025 | 08:21 AM IST

समुद्री तूफान दितवाह का असर शुरू

समुद्री तूफान दितवाह का असर दक्षिण भारत में दिखना शुरू हो गया है। तमिलनाडु में कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। राज्य सरकार ने एहतियात बरते की सलाह दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि उत्तर की ओर बढ़ते हुए साइक्लोनिक तूफान आज यानी 30 नवंबर की सुबह और शाम तक तमिलनाडु-पुडुचेरी कोस्टलाइन से कम से कम 50 km और 25 km की दूरी पर बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी के ऊपर केंद्रित होगा।