West Bengal News: पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने बांग्लादेश के आतंकवादी संगठन से जुड़े होने के आरोप में एक कॉलेज छात्र समेत कुछ अन्य लोगों को पश्चिम बर्धमान जिले के पानागढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
फाइल फोटो।
आतंकी संगठन से ताल्लुक रखने वाला छात्र गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि आरोपी युवक कंप्यूटर विज्ञान विषय में द्वितीय वर्ष का छात्र है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी छात्र को बांग्लादेश के प्रतिबंधित इस्लामी संगठन शहादत-ए-अल-हिकमा से संबंध रखने के आरोप में शनिवार देर शाम पानागढ़ स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में उससे मिली जानकारी के आधार पर एसटीएफ के अधिकारियों ने उसी जिले के नबाबघाट क्षेत्र से अन्य पांच लोगों को भी पकड़ लिया।
'युवाओं को आतंकी संगठन में भर्ती कराने का कोशिश'
एसटीएफ अधिकारी ने बताया, 'गिरफ्तार आरोपी पश्चिम और पूर्वी बर्धमान जिले के युवाओं को आतंकवादी संगठन में भर्ती कराने का प्रयास कर रहा था। हम उसके संपर्क में आए लोगों के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।' उन्होंने कहा कि पकड़े गए पांच अन्य लोगों में गिरफ्तार व्यक्ति का भाई भी शामिल है, जो आतंकवादी संगठन में शामिल होने की कोशिश कर रहे थे।
छात्र के पास से बरामद दस्तावेज किए गए जब्त
अधिकारी ने बताया कि एसटीएफ ने छात्र का लैपटॉप, डायरी समेत कुछ अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। शहादत-ए-अल-हिकमा बंग्लादेश में एक प्रतिबंधित इस्लामी आतंकवादी संगठन है। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने 2016 में जिले के कांकसा इलाके से एक अन्य छात्र को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
