LIVEदिल्ली-हरियाणा में अगले पांच दिनों तक छाया रहेगा घना कोहरा, IMD ने चेताया

दिल्ली-हरियाणा में अगले पांच दिनों तक छाया रहेगा घना कोहरा, IMD ने चेताया
राष्ट्रीय राजधानी में अगले पांच दिनों में बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है जबकि न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस (मौसम के सामान्य तापमान से एक डिग्री अधिक) दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर तक सुबह और रात के दौरान दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए बहुत घने कोहरे की चेतवानी भी जारी की है।
विभाग ने घने कोहरे के लिए एक परामर्श जारी कर चालकों को फॉग लाइट का उपयोग करने और यात्रियों को विमानन, रेलवे और राज्य परिवहन की सारिणी के बारे में अपडेट रहने के लिए कहा है। आईएमडी के मुताबिक, ''गाड़ी चलाते समय या परिवहन के किसी भी साधन का उपयोग करते समय सावधानी बरतें।'' दृश्यता कम होने से रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं और बृहस्पतिवार को दिल्ली जाने वाली 22 ट्रेनें देरी से चलीं। आईएमडी ने बताया कि शाम 5.30 बजे दिल्ली में सापेक्ष आर्द्रता 82 प्रतिशत थी। इस बीच, बृहस्पतिवार को 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 358 दर्ज किया गया। नीचे, कार्ड सेक्शन में पढ़ें मौसम से जुड़े ताजा अपडेट्स:
Read: Aaj ka Mausam Kaisa Rahega 28- December Live Here
पंजाब, हरियाणा के तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई; कई हिस्सों में सुबह कोहरा छाया रहा
पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में बृहस्पतिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुबह अधिकांश स्थानों पर कोहरा छाये रहने के कारण दृश्यता कम रही। दोनों राज्यों में कुछ स्थानों पर बेहद घना कोहरा छाया रहा। हालांकि, अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। पंजाब के लुधियाना में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। पटियाला का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस (सामान्य से तीन डिग्री अधिक) जबकि अमृतसर का न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से छह डिग्री अधिक) दर्ज किया गया। बठिंडा में न्यूनतम तापमान नौ, पठानकोट में नौ और फरीदकोट में 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से अधिक रहा। हालांकि, गुरदासपुर में 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ रात ठंडी रही। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
Ayodhya Weather LIVE: खराब मौसम के कारण योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरा रद्द
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 30 दिसंबर को अयोध्या दौरे से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बृहस्पतिवार को अयोध्या दौरा खराब मौसम के कारण रद्द कर दिया गया। इससे पहले, अधिकारियों ने पीटीआई-भाषा को बताया था कि आदित्यनाथ का यहां पहुंचने के बाद पहले हनुमानगढ़ी मंदिर जाने का कार्यक्रम था। इसके बाद उन्हें राम लला के दर्शन के लिए जाना था और फिर राम मंदिर के निर्माण कार्य का निरीक्षण करना था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आज अयोध्या आना था लेकिन कोहरे की वजह से दृश्यता कम होने के कारण वह नहीं आ सके।’’ प्रधानमंत्री मोदी पुनर्विकसित अयोध्या रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डे का उद्घाटन करने के लिए 30 दिसंबर को यहां का दौरा करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक वह एक रैली को भी संबोधित कर सकते हैं। राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को होगा। प्रधानमंत्री मोदी इसमें शामिल होंगे।
अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस
आईएमडी ने कहा कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि सापेक्षिक आर्द्रता 95 के आसपास रहने की उम्मीद है। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, आनंद विहार में गुरुवार को हवा की गुणवत्ता पीएम 2.5 346 और पीएम 10 236 या 'खराब' स्तर के साथ 'बहुत खराब' श्रेणी में प्रवेश कर गई।
जनता को सावधानी बरतने की सलाह
खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए आईएमडी ने जनता को सावधानी बरतने की सलाह दी। आईएमडी ने गुरुवार सुबह एक ट्वीट में कहा, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश के लिए घने कोहरे की संभावना है। वाहन चलाते समय या किसी भी परिवहन के माध्यम से बाहर निकलते समय सावधान रहें। ड्राइविंग के दौरान फॉग लाइट का उपयोग करें। यात्रा शेड्यूल के लिए एयरलाइंस, रेलवे और राज्य परिवहन के संपर्क में रहें।
Noida Weather update: नोएडा में शीतलहर के चलते स्कूल बंद
यूपी में शीतलहर को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन का बड़ा फैसला किया है। गुरुवार से गौतमबुद्ध नगर के सभी स्कूल में दो दिन रहेंगे। जिलाधिकारी ने इसके बाबत आदेश जारी कर दिया है। नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल 29 और 30 दिसंबर को बंद रहेंगे।
ये प्रमुख ट्रेनें हुईं लेट
आज़मगढ़-दिल्ली जंक्शन कैफियत एक्सप्रेस नौ घंटे से अधिक की देरी से, पुरी-नई दिल्ली पुरूषोत्तम एक्सप्रेस छह घंटे की देरी से, जबकि गीता जयंती एक्सप्रेस और चेन्नई-नई दिल्ली ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस पांच घंटे की देरी से चलीं। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर, खराब दृश्यता के कारण 100 से अधिक उड़ानें (घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय) प्रस्थान और आगमन प्रभावित हुईं।
22 ट्रेनें कई घंटों की देरी से चलीं
शीत लहर का असर सुबह की यात्रा के दौरान सबसे अधिक था। हवाई और रेल यात्रा दोनों में देरी की सूचना मिली है। खराब दृश्यता के कारण कई उड़ानों में देरी हुई या उन्हें रद्द कर दिया गया, इससे यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुईं। ट्रेनों का शेड्यूल बाधित हो गया, इससे रेल परिवहन पर निर्भर यात्रियों को असुविधा हुई। रेलवे के मुताबिक, खराब दृश्यता के कारण हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, जम्मू तवी-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, तमिलनाडु एक्सप्रेस, गोल्डन टेम्पल मेल समेत 22 ट्रेनें कई घंटों की देरी से चलीं।
दिल्ली-एनसीआर के लगातार कोहरा
दिल्ली-एनसीआर के लगातार कोहरे की चपेट में रहने के कारण गुरुवार को 100 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं। इसका असर रेल और सड़क यातायात पर भी पड़ा। पारा गिरकर 8.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो औसत से सिर्फ एक डिग्री ऊपर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, इसमें निवासियों से कठोर मौसम की स्थिति के लिए तैयार रहने का आग्रह किया गया है। सलाह में शहर के विभिन्न हिस्सों में दृश्यता काफी कम होने के कारण एहतियाती कदम उठाने की जरूरत पर जोर दिया गया है।
लद्दाख के लेह शहर में रात का तापमान माइनस 13.2
लद्दाख के लेह शहर में रात का सबसे कम तापमान माइनस 13.2, कारगिल में माइनस 10.6 और द्रास में माइनस 12.8 रहा। जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 5.8, कटरा में 7.2, बटोट में 6.2, भद्रवाह में 2 और बनिहाल में 9.2 रहा। कड़ाके की ठंड की 40 दिनों की लंबी अवधि जिसे स्थानीय रूप से 'चिल्लई कलां' के नाम से जाना जाता है, 21 दिसंबर को शुरू हुई और 30 जनवरी को समाप्त होगी।
श्रीनगर में घना कोहरा, जम्मू-कश्मीर में शीतलहर जारी
कश्मीर में लगातार शीतलहर और घने कोहरे के कारण गुरुवार को श्रीनगर शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 3.3 डिग्री नीचे चला गया। घने कोहरे के कारण श्रीनगर शहर में वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। सुबह विजिविलिटी घटकर बमुश्किल पांच मीटर रह गई। मौसम कार्यालय का पूर्वानुमान है कि 31 दिसंबर तक सुबह में कोहरा छाए रहने की संभावना है।मौसम विभाग के बयान में कहा गया है, गुरुवार को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे था, जबकि गुलमर्ग और पहलगाम में यह क्रमशः शून्य से 2.6 और शून्य से 5.4 डिग्री नीचे था।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस
दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान औसत से एक डिग्री अधिक 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि घने कोहरे के कारण शहर के कई हिस्सों में दृश्यता कम रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। दृश्यता कम होने से रेलगाड़ियों का परिचालन भी प्रभावित हुआ और दिल्ली आने वाली 22 रेलगाड़ियां निर्धारित समय से देरी से चल रहीं हैं।आईएमडी ने एक बुलेटिन में कहा, उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों व हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, दक्षिण पश्चिम राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश के दूर दराज के इलाकों में घने से बेहद घना कोहरा (0-25 मीटर) छाया रहा। पटियाला, अंबाला, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, पालम, बरेली, लखनऊ, वाराणसी और ग्वालियर में दृश्यता 30 मीटर से कम रही। विभाग के मुताबिक दिल्ली में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। शहर की वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रही। आईएमडी ने कहा कि दिल्ली में सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर सापेक्ष आर्द्रता 95 प्रतिशत दर्ज की गई।
एयरपोर्ट पर लोग परेशान
घने कोहरे की वजह से कई डोमेस्टिक और इंटरनेशनल फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं। एयरपोर्ट पर मौजूद यात्री परेशान हैं, कुछ कश्मीर जाना चाहते हैं तो कोई दुबई या फिर सऊदी जाना चाहता है। लेकिन कल रात से लोगों का कहना है कि कई घंटे हो चुके हैं फ्लाइट्स कब चलेगी, टाइमिंग का कुछ पता नहीं है। इनका कहना है कि हम बाहर होटल भी नहीं ले सकते क्योंकि हमारे पास इतने पैसे नहीं है इसलिए बस हम इंतजार कर रहे हैं। भारी संख्या में दिल्ली एयरपोर्ट पर तमाम यात्री अपने परिवार के साथ बैठे हुए नजर आ रहे हैं।
कोहरे के कारण 134 उड़ानों में देरी, कई ट्रेनें लेट
गुरुवार सुबह दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में घने कोहरे की चादर छाए रहने के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लगभग 134 उड़ानों में देरी हुई। दृश्यता लगभग शून्य हो गई।एएनआई ने दिल्ली एयरपोर्ट एफआईडीएस (उड़ान सूचना प्रदर्शन प्रणाली) डेटा के हवाले से बताया कि घने कोहरे के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर विमानों को उड़ान भरने में देरी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय) आगमन और प्रस्थान दोनों सहित लगभग 134 उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। राष्ट्रीय राजधानी में कोहरे और कम दृश्यता के कारण कई ट्रेनें भी देरी से चलीं।
ये ट्रेनें चल रहीं देरी से
ट्रेनें लेट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का नजारा
कोहरे की वजह से कई उड़ानों में देरी
घने कोहरे के वजह से 22 ट्रेनें देर से चल रही हैं
घने कोहरे के वजह से आज 22 ट्रेनें देर से चल रही हैं, जिसमें कई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन शामिल हैं। वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस, शिव गंगा एक्सप्रेस, जम्मू तवी-न्यू दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें लेट चल रही हैं।
गाजियाबाद में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों का समय बदला
बढ़ती ठंड और कोहरे को देखते हुए स्कूलों के समय में हुआ बदलाव। गाजियाबाद में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक हुआ। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश।
दिल्ली में घने कोहरे को देखते हुए रेड अलर्ट जारी
राजधानी दिल्ली में घने कोहरे को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में भी घने कोहरे को देखते हुए अलर्ट जारी हुआ है। इस सीजन में कल सबसे घना कोहरा दिल्ली और एनसीआर में देखने को मिला था। कल के मुकाबले आज भी दिल्ली के इलाकों में विजिबिलिटी कम है। कुछ इलाकों में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की जा रही है। दिल्ली के आनंद विहार, अक्षरधाम, NH-24, मयूर विहार में 25 मीटर से से कम विजिबिलिटी है। आज सुबह घना कोहरा देखने को मिल रहा है जिसकी वजह से मौसम विभाग ने आज सुबह 10:30 बजे तक के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
Jaipur Weather Forecast: जयपुर में साल के आखिरी दिन होगी बारिश
जयपुर में अभी तक सिर्फ सुबह और रात में सर्दी अपना सितम दिखा रही थी और धूप के कारण दोपहर में हल्की ठंड ही महसूस हो रही थी। लेकिन क्रिसमस के बाद मौसम ने करवट ली है। शीतलहर के कारण राजस्थान में दिन के तापमान में भी तेजी से गिरावट हो रही है। हालांकि इस बीच कोहरे से राहत भी मिली है। वहीं नए साल से पहले बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर को जयपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जिससे ठंड में भी इजाफा होगा।