Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को चुनाव आयोग एवं भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने का आरोप लाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की पारदर्शिता की मांग से सत्तारूढ़ दल 'घबराया' हुआ है। इंडिया गंठबंधन के मार्च में शामिल अखिलेश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विपक्ष चुनाव का बॉयकॉट नहीं करेगा बल्कि वोटों से भाजपा को हराएगा। भाजपा और सीईसी ज्ञानेश कुमार दोनों को जाना होगा।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
BJP के लोग डरे हुए हैं, इसलिए बैरिकेड्स लगाए-अखिलेश
अखिलेश ने कहा, 'हम न तेज धूप से डरते हैं और न पसीने से। बीजेपी के लोग डरे हुए हैं, इसलिए हर जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं।' चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए सपा प्रमुख ने कहा, 'अगर बीजेपी इतनी निष्पक्ष है, तो ज्ञानेश कुमार यहां आकर बताएं कि नंदलाल निषाद के नाम पर किसके हस्ताक्षर फर्जी किए गए? दशरथ के नाम पर 100 फॉर्म किसने तैयार किए? मुख्य चुनाव आयुक्त को यहां आकर इसका जवाब देना चाहिए। हमने उन्हें पकड़ लिया... समाजवादियों ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ा है।'
'आप पांच से ज्यादा वोट डिलीट नहीं कर सकते'
यादव ने आगे कहा, 'नियम स्पष्ट रूप से कहते हैं कि आप पांच से ज्यादा वोट डिलीट नहीं कर सकते और न ही पांच से ज्यादा फॉर्म-7 आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके बावजूद 100 से ज्यादा फॉर्म कथित तौर पर फर्जी तरीके से दाखिल किए गए।' उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी चुनावी अनियमितताओं पर बार-बार आंखें मूंद लीं।
बीजेपी के लिए काम कर रहा चुनाव आयोग-अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा, 'चुनाव आयोग को लेकर शिकायतें और आपत्तियां, और जिस तरह से वह काम करता है, कोई नई बात नहीं है। चुनाव आयोग ऐसा व्यवहार करता हुआ नजर आता है, जैसे केवल बीजेपी के सदस्य ही भारतीय नागरिक हों। अक्सर ऐसा लगता है कि आयोग की नजर में वोट देने का अधिकार भी सिर्फ बीजेपी के सदस्यों को है। लोग कहते थे कि बीजेपी एक ‘चुनावी मशीन’ की तरह काम करती है। वे सिर्फ चुनाव नहीं जीतते, बल्कि उनके पास बहुत बड़े वित्तीय संसाधन भी हैं। हमने देखा कि बंगाल में किस तरह बल प्रयोग करके बूथों पर कब्जा किया गया। और यह सिर्फ बंगाल तक सीमित नहीं था; इससे पहले यूपी में भी ऐसा किया गया। उन्होंने कुंदरकी और मीरापुर के चुनावों में धांधली की, साथ ही अयोध्या और अंबेडकर नगर के उपचुनावों में भी ऐसा किया। सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग पर भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया।
