Vande Mataram Row: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस दफ्तर में 'वंदे मातरम' गाए जाने को लेकर विवाद सामने आया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक वीडियो शेयर कर कांग्रेस पर 'वंदे मातरम' का अपमान करने का आरोप लगाया। भाजपा का दावा है कि 'वंदे मातरम' गाए जाने के दौरान उसे बीच में रोकने की कोशिश हुई। दरअसल, इस वीडियो में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित अन्य नेता उपस्थिति हैं। इन नेताओं की उपस्थिति में 'वंदे मातरम' का गायन होता है, तभी सोनिया गांधी कुछ इशारा और एक व्यक्ति से बात करते हुए नजर आती हैं।
कांग्रेस दफ्तर में झंडावरोहण।
वीडियो पर जयराम रमेश ने दी सफाई
भाजपा द्वारा वीडियो जारी करने के बाद कांग्रेस नेता ने इस घटनाक्रम पर सफाई दी। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस दफ्तर में 'वंदे मातरम' का अपमान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे काफी देर से खड़े थे, इस पर सोनिया गांधी को लगा कि इतनी देर तक उन्हें खड़ा नहीं होना चाहिए, इसलिए कांग्रेस अध्यक्ष के लिए वह कुर्सी मंगाना चाहती थीं जिसे खरगे ने मना कर दिया। खरगे ने कहा कि खड़े होने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। 'वंदे मातरम' का गायन बीच में नहीं रोका गया।
लाल किले नहीं आए राहुल-खरगे
हालांकि, कांग्रेस नेता ने यह स्पष्ट नहीं किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लेने के लिए राहुल गांधी और खरगे लाल किला क्यों नहीं गए। कांग्रेस नेताओं के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल नहीं होने पर भाजपा उन पर हमलावर है।
खरगे ने युवाओं को दी शुभकामनाएं
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए खरगे ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत के संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सद्भाव के सामने गंभीर चुनौतियां आई हैं। खरगे ने कहा कि युवाओं को अपनी आकांक्षायें पूरी करने के अवसर, किसानों को उनकी मेहनत का सम्मान और महिलाओं को समानता, सशक्तीकरण तथा देश के भविष्य को आकार देने में समान आवाज मिलनी चाहिए। उन्होंने ’एक्स’ पर जारी अपने संदेश में देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता संग्राम के अनगिनत सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
