इथियोपिया के ज्वालामुखी विस्फोट का असर, तेजी से भारत की ओर बढ़ रहा राख का बादल; दिल्ली समेत कई राज्यों में उड़ानों पर संकट!

इथियोपिया के हैली गुब्बी ज्वालामुखी विस्फोट के बाद बना विशाल राख का बादल भारत की और तेज गति से बढ़ रहा है। आज शाम तक यह गुजरात में प्रवेश करने के बाद राजस्थान, उत्तर महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब की तरफ बढ़ेगा। इसका असर भारत में उड़ानों पर भी पड़ सकता है। मुंबई एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर अपनी उड़ानों की स्थिति एयरलाइन से कन्फर्म करके ही एयरपोर्ट आने की सलाह दी है। एयर इंडिया और इंडिगो ने भी कहा कि वे स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और सभी सुरक्षा के उपाय तैयार हैं। दिल्ली एयरपोर्ट से एम्स्टर्डम की फ्लाइट्स भी रद्द की गई हैं।

इथियोपिया के हेली गुब्बी ज्वालामुखी (Hayli Gubbi Volcano) से उठा विशाल राख का बादल अब भारत की ओर बढ़ रहा है। IndiaMetSky Weather के अनुसार यह ऐश क्लाउड आज शाम तक उत्तर भारत में प्रवेश कर सकता है। यह राख का बादल गुजरात के पश्चिमी हिस्से से भारत में प्रवेश करेगा। जिसके बाद रात 10 बजे तक यह राजस्थान, उत्तर-पश्चिम महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब की ओर आगे बढ़ेगा। देर रात तक इसका प्रभाव हिमालयी क्षेत्रों पर भी पड़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ऐश क्लाउड का असर भारत में एयर ट्रैफिक पर भी पड़ सकता है। DGCA ने एडवाइजरी जारी कर एयरलाइंस को सलाह दी है कि उड़ान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावित ऊंचाई और क्षेत्रों से पूरी तरह दूर रहें।

Ethiopia volcano -ap

इथियोपिया में ज्वालामुखी विस्फोट से बना राख का विशाल बादल (AP)

ऐश क्लाउड तेज रफ्तार से भारत की ओर आ रहा

इस ऐश क्लाउड में ज्वालामुखीय राख, सल्फर डाइऑक्साइड और कांच व चट्टानों के सूक्ष्म कण शामिल हैं। जिसके कारण आसमान सामान्य से अधिक धुंधला और काला नजर आ सकता है। यह बादल 15,000 से 45,000 फीट की ऊंचाई पर तेज गति से भारत की ओर आगे बढ़ रहा है, जिसकी रफ्तार लगभग 100 से 120 किमी प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई है। भारत में ऐश क्लाउड के कारण उड़ानों में देरी और मार्ग बदलने जैसी स्थिति बनने की भी आशंका है।

End of Feed