काशी की रामलीला में इस बार नहीं दिखी गंगा-जमुनी तहजीब, 485 सालों में पहली बार नहीं हुई अजान

Lat Bhairav Ramleela 2026: लाट भैरव मंदिर परिसर में होने वाली रामलीला में हर साल एक अनोखा संगम देखने को मिलता था, जब चबूतरे पर एक तरफ चौपाइयां पढ़ी जाती थीं, उसी दौरान मस्जिद से अजान भी दी जाती है। हालांकि, इस बार 485 साल पुरानी परंपरा टूट गई।

Lat Bhairav Ramleela 2026: वाराणसी में गंगा-जमुनी तहजीब की 485 साल पुरानी परंपरा इस बार टूटती नजर आई। मामला लाट भैरव मंदिर परिसर का है, जहां हर साल रामलीला के दौरान एक अनोखा संगम देखने को मिलता है। हालांकि, इस बार तस्वीर बदली हुई रही। काशी में लाट भैरव पर होने वाली रामलीला काफी प्रसिद्ध है। इसके एक विशेष प्रसंग जयन्त-नेभंग की लीला का मंचन परंपरागत तरीके से किया गया। इस प्रसंग के दौरान लाट के चबूतरे से रामचरितमानस की चौपाइयां तो गूंजी, लेकिन बगल में स्थित मस्जिद से कुरान की आयतें और मगरिब की अजान नहीं सुनाई दी।

Kashi Ramleela

वाराणसी में टूटी 485 साल की परंपरा (फोटो साभार- TNN)

चौपाइयों के साथ पढ़ी जाती थी नमाज

दरअसल, इस रामलीला की सबसे बड़ी विशेषता यही रही है कि जब चबूतरे पर चौपाइयां पढ़ी जाती हैं, उसी दौरान मस्जिद से अजान भी दी जाती है। दोनों धर्मों के लोग इस दृश्य को एक साथ देखने के लिए जुटते हैं। इसे काशी की साझा संस्कृति की सबसे बड़ी मिसाल माना जाता है। लेकिन इस साल मस्जिद के मुतवल्ली और नमाजी वहां नहीं पहुंचे और 485 सालों में पहली बार अजान नहीं हुई। इस बदलाव की खबर मोहल्ले में तेजी से फैल गई। जो लोग हिंदू-मुस्लिम एकता की इस अनोखी परंपरा को देखने आए थे, वे भी हैरान रह गए।

End of Feed