रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। इस वीडियो में ट्रेन कोटा-नागदा सेक्शन पर 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती दिखाई दे रही है। रेल मंत्री ने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी द्वारा सफल परीक्षण किया गया।
वंदे भारत स्लीपर ने दिखाया दम।
वंदे भारत स्लीपर का हुआ खास वाटर टेस्ट
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बताया कि इस दौरान एक खास 'वॉटर टेस्ट'भी किया गया,जिसमें ट्रेन के अंदर एक के ऊपर एक गिलासों में रखा पानी तेज रफ्तार के बावजूद नहीं छलका। इससे ट्रेन की मजबूती और स्थिरता का प्रदर्शन हुआ। वीडियो में मोबाइल स्क्रीन पर ट्रेन की स्पीड 182 किमी प्रति घंटे तक दिखती नजर आई।
स्लीपर वंदे भारत की डिजाइन
फिलहाल देश में चल रही वंदे भारत ट्रेनें सेमी हाई-स्पीड हैं,जिनकी डिजाइन स्पीड 180 किमी प्रति घंटा है और आमतौर पर ये 160 किमी प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से चलती हैं। हालांकि ट्रेन की औसत गति ट्रैक की स्थिति, रास्ते में रुकने और मेंटेनेंस जैसे कारणों पर निर्भर करती है।
खास खूबियों से लैस होगी वंदेभारत स्लीपर
रेल मंत्रालय के अनुसार,आने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रात की लंबी दूरी की यात्रा को पूरी तरह बदल देगी। इसमें तेज रफ्तार, आरामदायक सफर और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। यह ट्रेन खासतौर पर एसी श्रेणी के यात्रियों के लिए होगी और यात्रा समय को काफी कम करेगी।
स्लीपर वंदे भारत ट्रेन
रेलवे की सालाना समीक्षा में कहा गया है कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें जल्द ही शुरू की जाएंगी और पहले व्यस्त रूट्स पर चलाई जाएंगी,फिर धीरे-धीरे अन्य मार्गों पर भी इनका विस्तार होगा।
इससे पहले, 15 दिसंबर को चेन्नई से तटीय आंध्र प्रदेश के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा का विस्तार किया गया था। अब यह ट्रेन नरसापुर तक जाती है,जिससे चेन्नई आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और ज्यादा आराम मिला है।
