Vande Bharat Express Latest Update in Hindi: वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पहले के मुकाबले और भी एडवांस हो गई है। न सिर्फ बाहर से बल्कि अंदर से भी...जी हां, इसमें लगभग 25 सुधार किए गए हैं। साथ ही बाहर रंग भी चेंज किया गया है। शनिवार (आठ जुलाई, 2023) को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तमिलनाडु के चेन्नई शहर पहुंचे। वहां उन्होंने इस दौरान इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) का दौरा किया, जहां ये वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन्स बनाई जाती हैं।
नई वंदे भारत एक्सप्रेस को नारंगी रंग की थीम दी गई है। (क्रिएटिवः अभिषेक गुप्ता)
अब तक रेल पटरियों पर दौड़ रहीं वंदे भारत सफेद, नीली और ग्रे थीम में नजर आया करती थीं, पर नई खेप में आने वाली इन ट्रेन्स को नारंगी/गेरुआ/केसरिया रंग में पेश किया गया है। वैष्णव के मुताबिक, "वंदे भारत ट्रेन्स में 25 सुधार किए गए हैं। फील्ड यूनिटसे जो कुछ भी हमें प्रतिक्रिया के दौर पर बताया जा रहा है, हम उसे सुधार में शामिल कर रहे हैं।"
रेल मंत्री के मुताबिक, "28वीं वंदे भारत ट्रेन का यह केसरिया कलर हमारे तिरंगे से प्रेरित है। नई वंदे भारत ट्रेनें इसी रंग की होंगी।" दरअसल, वैष्णव ने इस दौरान आईसीएफ का दौरा किया और वहां इन ट्रेनों की निर्माण गतिविधियों का जायजा लिया। उनके साथ तब आईसीएफ के सीनियर अफसर भी थे। वैष्णव ने सोशल मीडिया पर कारखाने के अपने दौरे की तस्वीरें पोस्ट करते हुए कहा, “चेन्नई स्थित आईसीएफ में वंदे भारत ट्रेन के उत्पादन का निरीक्षण किया।”
क्यों खास है यह रेलगाड़ी? समझिए सरल भाषा में
दरअसल, वंदे भारत इंटर-सिटी सेमी हाई स्पीड ट्रेन है। 15 फरवरी 2019 को इसकी पहली गाड़ी चलाई गई थी। इस ट्रेन में सीसी चेयर (इकनॉमी क्लास) और एक्जिक्यूटिव चेयर (प्रीमियम क्लास) होती है। खास बात है कि इस ट्रेन की सीटें एयरलाइन स्टाइल सरीखी हैं और वे रोटेट भी हो जाती हैं।ट्रेन में केटरिंग की सुविधा भी रहती है, जबकि वाई-फाई, इन्फोटेनमेंट सिस्टम, इलेक्ट्रिक आउटलेट्स, रीडिंग लाइट और ओवर हेड रैक्स मिलते हैं। इस गाड़ी के सारे दरवाजे ऑटोमैटिक होते हैं और अंदर स्मोक अलार्म भी रहता है। सीसीटीवी कैमरे के साथ ऑडर कंट्रोल सिस्टम, बायो वैक्यूम टॉयलेट्स, सेंसर बेस्ड वॉटर टैप्स और रोलल ब्लाइंड्स भी मिलते हैं।
