Vaibhav Sooryavanshi: एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में मंगलवार को वैभव सूर्यवंशी ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ वैभव ने महज 52 गेंदों पर दोहरा शतक जड़ दिया। यह लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक है। वैभव ने 53 गेंदों पर 204 रन बनाए, जिसमें 28 छक्के और 7 चौके जड़े।
वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी पर CM सम्राट चौधरी ने दी बधाई। PTI
वैभव के इस शानदार बल्लेबाजी के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मुरीद हो गए। उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा, "बिहार के गौरव वैभव सूर्यवंशी का एक और ज़बरदस्त प्रदर्शन!"
उन्होंने आगे लिखा," UAE के खिलाफ एशिया कप राइजिंग स्टार्स मैच में वैभव ने सिर्फ़ 28 गेंदों पर सेंचुरी बनाई, जो लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज़ है। इसके बाद उन्होंने 52 गेंदों पर डबल सेंचुरी बनाई। बिहार के इस युवा स्टार ने अपनी ऐतिहासिक पारी से पूरे देश को गर्व महसूस कराया है। उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं!" गौरतलब है कि किसी प्रोफेशनल क्रिकेट मैच में पहली बार एक बल्लेबाज ने इतने छक्के लगाए हैं।
वैभव के रिकॉर्ड्स
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस पारी के दम पर कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए। उन्होंने पहले लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक जड़ा और फिर सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वैभव ने 100 से 150 रन का आंकड़ा पार करने के लिए केवल 12 गेंद खेले। वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी का कारवां यहीं नहीं रुका और उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक भी जड़ दिया।
उन्होंने 52 गेंद में दोहरा शतक जड़कर न्यूजीलैंड के चाड बोज (Chad Bowes) का रिकॉर्ड तोड़ दिया। चाड ने ओटेगो के खिलाफ 103 गेंद में दोहरा शतक जड़ा था, लेकिन वैभव ने उनकी तुलना में 51 गेंद कम खेलकर यह कारनामा कर दिया। मतलब सिर्फ बाउंड्री के जरिए ही 196 रन बटोर लिए। मैदान के अलग-अलग हिस्सों में उनके शॉट्स ने गेंदबाजों को लगातार दबाव में रखा। उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता और बड़े शॉट खेलने का शानदार अंदाज देखने को मिला।
