UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। भाजपा के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों के अध्यक्षों ने अलग-अलग सूची जारी कर विधानसभा प्रभारियों के नामों का ऐलान किया। इस नियुक्ति में कई नेताओं को उनके अपने विधानसभा क्षेत्र से अलग दूसरे क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने चुनावी रणनीति के तहत टिकट के दावेदार नेताओं को भी दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी दी है।
सभी 403 सीटों पर BJP ने नियुक्त किए प्रभारी।
अमरोहा विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी सुरेश सैनी
मुरादाबाद की बिलारी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे सुरेश सैनी को अमरोहा विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। सुरेश सैनी इससे पहले 2012 में मुरादाबाद देहात और 2016 के उपचुनाव के साथ 2017 के विधानसभा चुनाव में बिलारी सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। तीनों ही चुनावों में उन्हें सपा प्रत्याशी से हार का सामना करना पड़ा था।
एमएलसी नेताओं को चुनाव लड़ाने की तैयारी
उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी रणनीति को धार देनी शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा इस बार एक खास योजना पर काम कर रही है, जिसके तहत विधान परिषद के प्रमुख सदस्यों यानी MLC नेताओं को सीधे विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारा जा सकता है। यही नहीं, कई मौजूदा विधायकों के टिकट भी कट सकते हैं।
सभी MLC को तैयारी के निर्देश
बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने सभी एमएलसी को विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार रहने को कहा है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी-अपनी संभावित सीटों पर अभी से जमीनी तैयारी शुरू कर दें। यानी जनसंपर्क, कार्यकर्ताओं से संवाद और स्थानीय समीकरणों को समझने का काम तेज किया जाए।
हारी हुई सीटों पर फोकस
इस रणनीति की सबसे अहम बात यह है कि ज्यादातर एमएलसी को उन सीटों पर उतारने की योजना है, जहां भाजपा पिछले चुनाव में हार गई थी। पार्टी का मानना है कि कमजोर सीटों पर बड़े और कद्दावर चेहरे उतारने से न सिर्फ मुकाबला मजबूत होगा, बल्कि आसपास की सीटों पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है।
