Navbharat Navnirman Manch 2024 : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जो अपना परिवार नहीं संभाल पा रहा है, वह प्रदेश क्या संभालेगा। अपनी असफलता के लिए दूसरे पर दोषारोपण करना ठीक नहीं। भाजपा पर दोषारोपण करने की बजाय वह पहले अपना घर देखते तो अच्छा होता। मुख्यमंत्री योगी ने ये बातें टाइम्स नाउ नवभारत के कार्यक्रम नवभारत नवनिर्माण मंच पर कहीं। टाइम्स नेटवर्क की ग्रुप एडिटर और टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ खास बातचीत में सीएम योगी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और 'इंडी' गठबंधन पर भी निशाना साधा।
नवभारत नवनिर्माण मंच पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ।
पहले अपनी पार्टी संभाले अखिलेश
नवभारत नवनिर्माण मंच पर आए सपा अध्यक्ष ने राज्यसभा चुनाव में अपने तीसरे उम्मीदवार आलोक रंजन की हार पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि 'भाजपा ने उनके विधायकों गुलाब जामून और पैकेज दिए जिसके लालच में वे आ गए।' अखिलेश के इस बयान पर सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव को पहले अपनी पार्टी संभालनी चाहिए फिर प्रदेश के बारे में सोचना चाहिए।
राहुल के विदेश जाने या मौन होने पर अजीब लगता है-सीएम योगी
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि जिन लोगों ने देश के साथ हमेशा अन्याय किया वे आज न्याय यात्रा पर निकले हैं। कांग्रेस की सबसे बड़ी विफलता है कि राहुल गांधी जितना बोलेंगे उतना उसका नुकसान होगा। वह जब कभी विदेश जाते हैं या मौन हो जाते हैं तो हमें अच्छा नहीं लगता। वे बोलते रहते हैं तो हमें फायदा पहुंचता है।
'काशी, अमेठी और रायबरेली के साथ इन्होंने अन्याय किया'
वाराणसी के लोग नशे में सड़कों पर नाचते हैं, राहुल के इस बयान पर सीएम योगी का ध्यान दिलाए जाने पर उन्होंने कहा कि काशी, अमेठी और रायबरेली के साथ कितना अन्याय इन लोगों ने किया। नई काशी सामने आई है। काशी के लोग और काशी का युवा फिर से इन दोनों युवाओं को जोरदार जवाब देने के लिए तैयार हैं। यूपी के नौजवानों के सामने इन्होंने पहचान का संकट खड़ा किया था। अब यूपी का जवान इनके सामने संकट खड़ा करेगा।
एक-एक कर टूट रहे 'इंडी' गठबंधन के तार
'इंडी' गठबंधन के बारे में सीएम ने कहा कि इसमें जोड़ने वाली कोई बात नहीं है। इसके तार एक-एक टूटते जा रहे हैं। वे खुद समझ नहीं पा रहे कि करना क्या है। एक-एक कर उनके नेता उन्हें छोड़ते जा रहे हैं। ये अपने वरिष्ठ नेताओं को नहीं एकजुट रख पा रहे हैं। महाराष्ट्र के बाद इस हमने हिमाचल प्रदेश में देखा। गठबंधन के लोग सफल नहीं हो पाएंगे। इस चुनाव में यूपी अपना बेहतर परिणाम देने और एनडीए पीएम मोदी के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव में 400 सीट का आंकड़ा पार करने जा रहा है।
