Vande Bharat Express Train: जल्द ही श्रीनगर में भी वंदे भारत ट्रेन दौड़ती हुई देखी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में वंदे भारत ट्रेनें अगले साल चलेंगी। वहीं जम्मू-श्रीनगर रेल लिंक इसी साल शुरू होगा।
कश्मीर दौरे पर पहुंचे रेल मंत्री ने यह भी कहा कि कुपवाड़ा और कश्मीर घाटी के अन्य दो स्थलों को जल्द ही भारतीय रेल से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में रेलवे में सुधार किया जाएगा और साल के अंत तक यह सुधार दिखना शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा- "टेलीफोन कनेक्टिविटी, डबल लाइन, पार्सल सेवाएं, भारतीय रेलवे के माध्यम से सीमेंट और दवा व्यापार साल के अंत तक सुनिश्चित किया जाएगा, इसके अलावा सेब व्यापार के लिए सुविधाओं पर भी विचार किया जाएगा।"
इस दौरान वैष्णव ने विशेष निरीक्षण कार द्वारा बडगाम रेलवे स्टेशन से बारामूला रेलवे स्टेशन तक की यात्रा की। इस दौरान उन्होंने रेलवे के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही बारामूला रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
