सोमवार को पश्चिमी तुर्की की एक फैक्ट्री में हुए धमाके में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। यह धमाका एक आयरन और स्टील फैक्ट्री में हुआ। मलबे में अभी भी कुछ मजदूरों के फंसे होने की आशंका है, जिसके चलते वहां खोज और बचाव अभियान (सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन) जारी है।
तुर्किये में स्टील फैक्ट्री में जोरदार धमाका
धमाका दोपहर के समय इजमिर प्रांत के आलियागा जिले में स्थित 'हबास डेमिर सेलिल' (Habas Demir Celik) प्लांट में हुआ।अधिकारियों के अनुसार, मारे गए और घायल हुए सभी लोग इसी फैक्ट्री के कर्मचारी थे।
वहां से धुएं और धूल के गुबार उठ रहे थे
घटनास्थल के फुटेज में फैक्ट्री के अंदर भीषण आग लगी दिखाई दी, और वहां से धुएं और धूल के गुबार उठ रहे थे। चश्मदीदों ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि जमीन हिल गई। एक व्यक्ति को तो पहले लगा कि शायद भूकंप आ गया है। तुर्की के स्वास्थ्य मंत्री केमल मेमिसोउलू ने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर थी, जिसकी बाद में मौत हो गई। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा, 'दुर्भाग्य से, इज़मिर की स्टील फैक्ट्री में हुए धमाके और उसके बाद लगी आग में गंभीर रूप से घायल हुए हमारे एक और नागरिक की जान चली गई है।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: लाल किला ब्लास्ट के 1 साल : आज भी दर्द झेल रहे पीड़ित, अब भी हरे हैं व्यापारियों के जख्म
राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने 16 लोगों की मौत की पुष्टि की
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, सोमवार को कैबिनेट की बैठक के बाद राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने 16 लोगों की मौत की पुष्टि की थी। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय मीडिया का हवाला देते हुए बताया गया है कि इस घटना के सिलसिले में कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
क्रेन गिर गई, जिससे बॉयलर का सामान नीचे मौजूद भट्टीमें जा गिरा
शुरुआती जांच के अनुसार, यह धमाका तब हुआ जब एक क्रेन से नया बॉयलर (रिप्लेसमेंट बॉयलर) ले जाया जा रहा था। इस दौरान क्रेन गिर गई, जिससे बॉयलर का सामान नीचे मौजूद भट्टी (फर्नेस) में जा गिरा। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, गवर्नर कार्यालय ने बताया कि लिक्विड स्टील कास्टिंग प्रक्रिया के दौरान छत पर लगी क्रेन टूटकर इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस में गिर गई।
मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका
फैक्ट्री का संचालन करने वाली कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह धमाका प्लांट की एक इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस में तयशुदा मेंटेनेंस (रखरखाव) के काम के दौरान हुआ। इजमिर के गवर्नर सुलेमान एल्बान ने बताया कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। धमाके से प्रभावित लोगों तक पहुंचने के लिए खोज और बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं।
