Donation Row: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में श्री राम जन्मू भूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के कार्यालय प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने बुधवार को बताया कि ट्रस्ट की बैठक हर तीन महीने में एक बार होती है और इस बैठक में ट्रस्ट के कामकाज का ऑडिट होता है। आपत्तियां यदि कोई होती हैं तो उनका निस्तारण किया जाता है। टाइम्स नाउ नवभारत से खास बातचीत करते हुए गुप्ता ने दान गणना के लिए सिफारिश पर कर्मचारियों के रखने की बात स्वीकार की। उन्होंने कहा कि हर कोई चाहता है कि अपने लोगों को नौकरी मिल जाय। गणना कर्मियों के लिए योग्यता सिर्फ ईमानदारी थी अब उन्होंने ऐसा क्यों किया, इसकी मुझे जानकारी नहीं है।
ट्रस्ट के कार्यालय प्रभारी प्रकाश गुप्ता।
'ट्रस्ट में पहले की तरह काम कर रहे राय, मिश्रा'
राम मंदिर में निजी सुरक्षाकर्मी रखने के आरोपों पर गुप्ता ने कहा कि चंपत राय ने निजी सुरक्षाकर्मियों को नहीं रखा। पूर्व सैनिक एसोसिएशन ने सुरक्षा में रिटायर सैन्य कर्मियों को रखने का अनुरोध किया था। ट्रस्ट ने उनकी बात मान ली। गुप्ता ने आगे कहा कि चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा ट्रस्ट ने चूंकि स्वीकार नहीं किया है, ऐसे में दोनों ट्रस्ट में पहले की तरह काम कर रहे हैं। गोपाल राव अंदर की जिम्मेदारी देख रहे हैं। चम्पत राय और अनिल मिश्रा का मंदिर के अंदर कार्यालय है और वे वहां बैठते हैं। कार्यालय प्रभारी ने अर्जुन देव का बचाव करते हुए कहा कि वे भले इंसान थे क्योंकि मंदिर का उन्हें अनुभव था इसलिए जरूरत थी कि वो यहां ही तैनात रहें।
अनुकल्प मिश्रा की संपत्ति पर बड़ा खुलासा
अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में जांच के दौरान हर रोज नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्रा की संपत्ति को लेकर जो जानकारी सामने आई है, उसने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, राम मंदिर ट्रस्ट में महज 15 हजार रुपए महीने की नौकरी करने वाले 22 साल के अनुकल्प मिश्रा ने पिछले दो सालों में करोड़ों रुपए की संपत्ति जुटाई थी। अब जांच एजेंसियां यह पता लगा रहीं हैं कि इतनी संपत्ति के लिए धन कहां से आया।
भगवान स्वयं दंड देंगे -भाजपा विधायक
अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले में लगातार खुलासे भी हो रहे हैं और राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले की पुरवा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक अनिल सिंह का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अपने बयान में विधायक ने कहा कि अगर किसी ने भगवान के मंदिर में चोरी की है, तो उसे भगवान स्वयं दंड देंगे और उसे अपने कर्मों की सजा मिलकर रहेगी।
