तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने अयोध्या स्थित राम मंदिर जाने को लेकर एक बार फिर राजनीतिक हलकों में तीखा विवाद खड़ा कर दिया है। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत के दौरान जब उनसे कारसेवकों पर गोलीबारी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या रामलला दर्शन से जुड़ा सवाल पूछा गया, तो उन्होंने साफ कहा कि वे कभी भी अयोध्या राम मंदिर नहीं जाएंगे। आजाद ने देवी सीता की अग्निपरीक्षा के बाद उनके परित्याग का हवाला देते हुए भगवान राम की मर्यादा पर ही सवाल खड़े कर दिए।
कीर्ति आजाद ने दिया विवादास्पद बयान
"मिथिला की बेटी थीं मां सीता, उनके तिरस्कार की जगह क्यों जाऊं?"
कीर्ति आजाद ने अपने मिथिला से जुड़ाव को सामने रखते हुए कहा कि माता सीता मिथिला की बेटी थीं और वहां के हर व्यक्ति के लिए मां के समान हैं। उन्होंने तीखे लहजे में कहा, कि "क्या हमारे देश में 3,200 करोड़ देवी-देवताओं में केवल एक राम ही भगवान हैं? मैं तो कभी नहीं जाऊंगा। जिस व्यक्ति ने अग्निपरीक्षा में पास होने के बाद भी अपनी पत्नी का परित्याग कर दिया हो और मां सीता को दो छोटे-छोटे नादान बच्चों के साथ घर से निकाल दिया हो, मैं वहां क्यों जाऊं? जब उन्होंने अग्निपरीक्षा पास कर ली थी, तो कौन सी मर्यादा?"
उन्होंने आगे कहा कि अगर सबको अपने-अपने इष्टदेव दिखते हैं तो उन्हें भी अपनी इष्टदेवी दिखती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे मां कामाख्या और मां काली के दर्शन करते हैं। वे दिल्ली के गोल मार्केट स्थित काली मंदिर, कोलकाता के कालीघाट और कामाख्या जाते हैं। क्या राम मंदिर न जाने से कोई हिंदू नहीं रह जाता?
गोलीबारी और अमित शाह पर साधा निशाना
1990 में कारसेवकों पर तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में हुई गोलीबारी का बचाव करते हुए सपा सांसद सनातन पांडे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कीर्ति आजाद ने गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार किया। आजाद ने कहा कि अगर स्वर्गीय मुलायम सिंह ने गोली चलवाई थी तो कश्मीर में पैलेट गन और बिहार में विद्यार्थियों पर AK-47 किसके कार्यकाल में चले? उन्होंने सवाल उठाया कि पहले यह तय किया जाए कि अगर मुलायम सिंह को गोली चलवाने के बावजूद केंद्र सरकार ने पद्म विभूषण दिया, तो अमित शाह के मामले में क्या होना चाहिए?
केंद्र सरकार, बेरोजगारी और बयानों पर बोला हमला
सांसद ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर असल मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश को राम-राम के नाम पर फंसाकर रखा गया है। असल मुद्दे नौकरी देना, महंगाई कम करना और पेट्रोल-डीजल के दाम 30-35 रुपये करना हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र धरना दें तो उन्हें 'दिमागी नक्सल' कह दिया जाता है और किसान प्रदर्शन करें तो 'खालिस्तानी' बता दिया जाता है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर तीखा जुबानी हमला करते हुए आजाद ने उन्हें 'नौटंकी का मिरासी' करार दिया।
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर प्रतिक्रिया
जब संवाददाता ने उनसे दोबारा पूछा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अयोध्या रामलला के दर्शन करने जा रहे हैं, तो कीर्ति आजाद ने कहा कि जिसकी जैसी आस्था है, वह वहां जाए। उन्होंने दोहराया कि वे अपनी इष्टदेवी मां सीता के सम्मान के लिए अपनी लड़ाई खुद लड़ेंगे और कभी अयोध्या राम मंदिर नहीं जाएंगे।
