Tirupati Stampede: तिरुपति भगदड़ मामले को लेकर आंध्र प्रदेश की चंद्रबाबू नायडू सरकार एक्शन मोड पर नजर आ रही है। मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि सुचारु संचालन सुनिश्चित करने में विफल रहे दो अधिकारियों को निलंबित किया जा रहा है। साथ ही तिरुपति के पुलिस अधीक्षक, टीटीडी के संयुक्त कार्यकारी अधिकारी और एक अन्य अधिकारी का तबादला किया गया है।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू (फोटो साभार: @ncbn)
मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री नायडू ने भगदड़ की घटना में दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये और घायलों को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि तिरुपति भगदड़ की घटना में 33 लोग घायल हुए हैं, उन्हें दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि मैंने तिरुपति में निगरानी प्रणाली में कुछ खामियां देखी हैं।
भगदड़ मामले की होगी न्यायिक जांच
मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि तिरुपति भगदड़ की घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री नायडू तिरुपति में भगदड़ में घायल लोगों का हालचाल जानने के लिए गुरुवार को उस अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
तिरुपति में एमजीएम स्कूल के पास बैरागी पट्टेदा में बुधवार रात भगदड़ मचने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए। यह भगदड़ उस समय मची जब सैकड़ों श्रद्धालु तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में वैकुंठ द्वार दर्शनम के लिए टिकट पाने की कोशिश कर रहे थे।
