Time Now Summit 2026: पश्चिम एशिया संकट को लेकर हुई सर्वदलीय बैठक पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने भारत की विदेश नीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर नाविका कुमार के साथ खास बातचीत में उन्होंने साफ कहा कि भारत ऐसा देश नहीं है जो खुद को किसी और के इस्तेमाल के लिए पेश करे।
किरेन रिजिजू ने कहा कि भारत ऐसा देश नहीं है जो खुद को किसी और के इस्तेमाल के लिए पेश करे।
‘मध्यस्थता की राजनीति' नहीं करता भारत: केंद्रीय मंत्री
रिजिजू ने कहा कि भारत एक सम्मानजनक और मजबूत राष्ट्र है, जो अपने हितों और गरिमा के अनुसार फैसले लेता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भारत किसी भी तरह की ‘मध्यस्थता की राजनीति’ में खुद को इस्तेमाल नहीं होने देगा।
दरअसल, यह पूरा मामला उस बयान से जुड़ा है जो कथित तौर पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर के हवाले से सामने आया था।
एस जयशंकर के बयान पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री?
विदेश मंत्री ने कहा था कि भारत, पाकिस्तान की तरह दलाल देश नहीं है। हालांकि, जब मंत्री से सवाल पूछा गया कि यह बयान किस संदर्भ में दिया गया था और यह सवाल किसने पूछा था? क्या आप हमें इस पर अपना दृष्टिकोण बता सकते हैं?
इस पर किरेन रिजिू ने कहा ,"सच कहूं तो, सर्वदलीय बैठक में जो कुछ हुआ, उसका विस्तृत वर्णन करना मेरे लिए उचित नहीं होगा, लेकिन मुख्यतः जवाब विदेश मंत्री ने ही दिए, क्योंकि यह बैठक विशेष रूप से पश्चिम एशिया संकट पर केंद्रित थी। इसलिए पाकिस्तान का मुद्दा बार-बार उठा।" रिजिजू ने साफ किया कि सर्वदलीय बैठक एक क्लोज्ड डोर मीटिंग थी, इसलिए वह विस्तार से नहीं बता सकते कि अंदर किसने क्या कहा।
इंटरव्यू के दौरान जब पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल किया गया, तो रिजिजू ने कहा कि बैठक में पाकिस्तान का मुद्दा कई बार उठा था। उन्होंने यह भी जोड़ा कि पूरी चर्चा को सार्वजनिक करना उचित नहीं होगा।
