छत्तीसगढ़ के सुकमा में मुठभेड़ में 3 पुलिसकर्मी शहीद, सड़क की सुरक्षा में निकले थे जवान

  • Agency by: Agency
  • Updated Feb 25, 2023, 11:19 PM IST

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) समेत जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के तीन जवान शहीद हो गए।

रायपुर : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में शनिवार को नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) समेत जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के तीन जवान शहीद हो गए। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि सुकमा जिले के जगरगुंडा और कुंदेड़ गांव के मध्य सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में डीआरजी के सहायक उपनिरीक्षक रामुराम नाग, आरक्षक कुंजराम जोगा और वंजाम भीमा शहीद हो गए।

Police Naxalite Encounter

नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी शहीद

सुंदरराज ने बताया कि शनिवार सुबह को जगरगुंडा थाना से डीआरजी के एक दल को सड़क निर्माण की सुरक्षा में गश्त पर रवाना किया गया था और यह दल जब सुबह नौ बजे जगरगुंडा और कुंदेड़ गांव के मध्य था तब नक्सलियों ने उसपर हमला कर दिया। उनके अनुसार इस हमले में एक सहायक उप निरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि जगरगुंडा (सुकमा) और बासागुड़ा (बीजापुर) के बीच सड़क निर्माण का काम चल रहा है। उनके मुताबिक सड़क की सुरक्षा के लिए हाल ही में कुंदेड़ गांव (सुकमा) और बेदरे (बीजापुर) में सुरक्षाबलों के लिए शिविर का निर्माण किया गया है।

End of Feed