देश की सियासत में एक बार फिर 'बाबरी मस्जिद' को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के बाबरी मस्जिद के फिर से निर्माण को लेकर दिए गए बयान पर अब टीएमसी से निष्कासित और जनता उन्नयन पार्टी प्रमुख हुमायूं कबीर ने बड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि योगी को बोलने दो...उन्हें जो करना है करें, मैं मस्जिद बनाउंगा।
हुमायूं कबीर और सीएम योगी आदित्यनाथ
हुमायूं कबीर ने किया पलटवार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर जन उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर ने कहा, "...योगी आदित्यनाथ को बोलने दो। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं। भारत का संविधान मुझे मस्जिद बनाने का अधिकार देता है, कोई भी मंदिर या चर्च बना सकता है। एक मुसलमान होने के नाते, मैं मस्जिद बनाऊंगा। उन्हें जो करना है करने दो। यह लखनऊ नहीं है, उत्तर प्रदेश नहीं है। यह बंगाल है, यह मुर्शिदाबाद है। मैं यहां मस्जिद जरूर बनाऊंगा।"
उनका ये बयान तब आया है जब कल से उनके द्वारा बनाई जा रही मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू होगा। गौरतलब है कि बीते छह दिसंबर को उन्होंने मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बाबरी ढांचे गिराए जाने की बरसी पर उन्होंने मस्जिद की नींव रखी थी।
क्या बोले थे सीएम योगी
इससे पहले, बाराबंकी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा था कि कुछ लोग हैं, जो अवसरवादी रवैया अपनाते हैं, जब संकट आता है तब राम याद आते हैं, बाकी राम को भूल जाते हैं, इसलिए भगवान राम भी उनको भूल चुके हैं... इन रामद्रोहियो के लिए कोई जगह नही बची, जो रामभक्तों पर गोली चला रहे थे, रामकाज में बाधक थे उनके लिए कोई जगह नहीं, जो लोग सपना देख रहे हैं बाबरी ढांचे का,उनको बता दे रहे हैं कि कयामत का दिन कभी नही आएगा। कयामत के दिन के लिए मत जियो, हिंदुस्तान में कायदे से रहना सीखो, यहां का कानून मानो, कानून मानोगे, कायदे से रहोगे, तो फायदे में रहोगे नही तो आगे का रास्ता कहां जाता है, अगर कानून कोई तोड़ेगा तो रास्ता सीधे जहन्नुम की ओर जाता है, कानून तोड़कर कोई जन्नत जाने का सपना देख रहा है, तो यह सपना कभी पूरा नही होने वाला है। हालांकि योगी आदित्यनाथ ने किसी का नाम नहीं लिया था।
