Landslide : जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर गुरुवार को भीषण भूस्खलन हुआ। भूस्खलन रामबन जिले के बनिहाल कस्बे के रतनबास इलाके में हुआ। खबरों के मुताबिक, मलबे में कई वाहनों के फंसे होने की आशंका है। जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू कर दिया है। राजमार्ग वर्तमान में यातायात की आवाजाही के लिए बंद है भूस्खलन का एक वीडियो भी सामने आया। इस वीडियो में भायवह भूस्खलन को देखा जा सकता है।
समाचार एजेंसी एएनआई के हवाले से रामबन के डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बनिहाल के पास शालगडी में यातायात के लिए ताजा भूस्खलन और क्षेत्र में पत्थरों के गिरने के कारण बंद है। सड़क को साफ करने का काम चल रहा है। ट्रक के भूस्खलन की चपेट में आने से लोग घायल हो गए।
एसएसपी रामबन ने कहा कि रतनबास में भूस्खलन का भयानक वीडियो कैमरे में कैद हुआ। ईश्वर की कृपा से वाहन के चालक और सहायक दोनों को बचा लिया गया है।
जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग श्रीनगर की जीवन रेखा है क्योंकि यह घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है। श्रीनगर और जम्मू को जोड़ने वाला राजमार्ग पुलवामा, अनंतनाग, कुलगाम, रामबन और उधमपुर जिलों से होकर गुजरता है। इसकी शुरुआत श्रीनगर के लाल चौक से होती है।
