बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और उसके वरिष्ठ नेताओं पर जमकर निशाना साधा है। तेज प्रताप यादव ने साफ कहा कि आरजेडी अब कार्यकर्ताओं की पार्टी नहीं रह गई है। बिना किसी का नाम लिए लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने कहा कि आरजेडी को 'जयचंदों' ने अंदर से खोखला कर दिया है।
तेज प्रताप यादव
पूरे बिहार में निकालेंगे जनसंवाद यात्रा
तेज प्रताप यादव ने घोषणा की कि वे जल्द ही पूरे बिहार में जनसंवाद यात्रा निकालेंगे, जिसकी रूपरेखा तय हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल को उनकी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक पटना में आयोजित होगी। संयोग से इसी दिन उनका जन्मदिन भी है। इस बैठक के बाद वे बिहारभर में दौरे पर निकलेंगे और सीधे जनता से संवाद करेंगे।
'लालू यादव को हाईजैक कर लिया गया है'
इस दौरान तेज प्रताप यादव ने बिना नाम लिए अपने भाई तेजस्वी पर भी करारा तंज कसा। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव का फैसला या आदेश अब RJD में नहीं चलता। उन्होंने कहा कि लालू यादव को हाईजैक कर लिया गया है। पार्टी में अब उनके निर्णयों का कोई महत्व नहीं बचा है। इसी वजह से आरजेडी का यह हाल हुआ है।
सुनील सिंह पर सीधा हमला
इस दौरान तेज प्रताप यादव ने RJD एमएलसी सुनील सिंह द्वारा उन्हें 'बच्चा' कहने को लेकर भी करारा तंज कसा। तेज प्रताप यादव ने कहा कि सुनील सिंह को उनके सामने खड़े होने की भी हैसियत नहीं है। उन्होंने कहा कि सुनील सिंह मेरे बयान को बचकाना कहते हैं। मैं बच्चा नहीं, चच्चा हूं। बच्चा कब चच्चा निकल जाएगा, इसका ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेरे मामा के पीछे-पीछे घूमने वाले व्यक्ति हैं सुनील सिंह। उन्होंने आरजेडी को खोखला कर दिया है। सुनील सिंह अपनी वाणी सुधार ले नहीं तो उन्हें अच्चे से सुधार दिया जाएगा।
तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि सुनील सिंह ने उनकी बहन का बार-बार अपमान किया और पार्टी को अंदर से कमजोर किया।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर मेरी पिता की छत्रछाया सुनील सिंह पर नहीं होती, तो उन्हें कोई पूछने वाला नहीं होता।
'25 सीट पर सिमट चुकी RJD, जल्द जीरो पर जाएगी'
तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि RJD लगातार कमजोर हो रही है। तेज प्रताप ने कहा कि राजद 25 सीटों पर सिमट चुकी है और जो हालात हैं, वह दिन दूर नहीं जब पार्टी जीरो पर पहुंच जाएगी। इस दौरान तेज प्रताप यादव ने RJD पर टिकट बेचने का गंभीर आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं ने मेहनत की, लेकिन टिकट पैसे के दम पर उद्योगपतियों को दे दिए गए, जिससे कार्यकर्ता खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।'लोग मेरी पार्टी से जुड़ रहे हैं'
तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि RJD के कई नेता और कार्यकर्ता अब उनकी पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरे पिता इस पार्टी के कार्यक्रम में आए हैं। लोग समझ चुके हैं कि लालू यादव का आशीर्वाद मेरी पार्टी के साथ है। मैं अपने पिता के आदर्शों पर चल रहा हूं, इसलिए लोग मेरे साथ जुड़ रहे हैं।
