Rahul Gandhi: एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली को लेकर कारोबारी नेताओं की अपील पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नए सवाल उठाए हैं। इस बार राहुल ने टाटा ग्रुप का मुद्दा उठाया है। राहुल ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि टाटा को आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा है, किसी कारोबारी नेता में एक शब्द भी बोलने की हिम्मत नहीं है। कब तक चुप रहोगे? जब तक वे तुम्हें अपना गुलाम न बना लें? भारतीय व्यापार मोदी और शाह का खिलौना नहीं है। तुममें साहस की कमी है। हममें नहीं। हम इन अपराधों के लिए न्याय सुनिश्चित करेंगे।
राहुल गांधी का व्यापारी नेताओं से सवाल
बृजेश गोयल ने राहुल गांधी को लिखा पत्र
दिल्ली में व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन, चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने आज राहुल गांधी को एक खुला पत्र लिखकर एक नई और लोकतांत्रिक पेशकश की है। CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने पत्र में कहा है कि रामलीला मैदान के नजदीक के 20 बड़े होलसेल बाजारों के 20 व्यापारी प्रतिनिधि राहुल गांधी जी से सिर्फ 20 मिनट का मिलने का समय चाहते हैं।
CTI ने पत्र में प्रस्ताव रखा है-
1. अगर 20 मिनट की मुलाकात में राहुल गांधी जी हमें यह समझा देते हैं कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में 10 लाख लोगों की महारैली होने से दिल्ली के व्यापारियों का व्यापार बढ़ेगा, ग्राहक बढ़ेंगे, तो CTI उसी क्षण अपना विरोध वापस ले लेगा और रैली का स्वागत करेगा।
2. और अगर 20 मिनट में हम 20 व्यापारी आपको यह समझा देते हैं कि इस रैली से रामलीला मैदान से जुड़े 20 बड़े बाजारों में व्यापार का नुकसान होगा, तो आपको जनहित में इस रैली को दिवाली तक टालना पड़ेगा।
CTI चेयरमैन ने कहा, हम लड़ाई नहीं, बातचीत चाहते हैं
राहुल जी खुद कहते हैं कि मैं सबकी सुनता हूं, छोटे व्यापारियों की आवाज सुनता हूँ। तो हम 20 बाजारों के व्यापारी उनसे 20 मिनट मांग रहे हैं। ये लोकतंत्र की खूबसूरती होगी। रामलीला मैदान से जुड़े वो 20 बड़े होलसेल बाजार कौन से हैं, जिनके 20 प्रतिनिधि मिलना चाहते हैं।
