Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु की राजनीति में एक्ट्रेस त्रिशा (Trisha) को लेकर शुरू हुआ विवाद अब महिलाओं के सम्मान और राजनीतिक भाषा के मुद्दे तक पहुंच गया है। सीएम विजय ने विधानसभा में महिलाओं के खिलाफ की जाने वाली अभद्र और अपमानजनक टिप्पणियों पर कड़ा रुख अपनाया है।
त्रिषा विवाद पर विजय का सख्त संदेश, बोले- महिलाओं का अपमान मत करो। PTI
उन्होंने विधानसभा में सोमवार (7 सितंबर) को कहा कि मेरी राजनीतिक जीत के पीछे महिलाएं मुख्य वजह हैं। मैं महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह की अभद्र भाषा बर्दाश्त नहीं करूंगा। सीएम ने करीबी मित्र एक्ट्रेस तृषा कृष्णन के खिलाफ की गई टिप्पणियों की तरफ इशारा करते हुए कहा, ''राजनीतिक आलोचना तीखी हो सकती है, लेकिन महिलाओं के खिलाफ कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं होनी चाहिए।'' उन्होंने साफ कहा कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह की आपत्तिजनक भाषा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विजय ने कहा कि महिलाएं उनकी राजनीतिक जीत के पीछे प्रमुख कारणों में से एक हैं और उनके सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने राजनीतिक विरोधियों से महिलाओं को निशाना बनाने या उनके खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणियां करने से बचने की अपील की।
त्रिशा विवाद के बीच आया बयान
मुख्यमंत्री विजय का यह बयान ऐसे समय आया है जब तमिलनाडु में अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन को लेकर विवाद गरमाया हुआ है। विवाद की शुरुआत राजनीतिक बयानबाजी के दौरान अभिनेत्री का नाम निजी और आपत्तिजनक संदर्भ में लिए जाने से हुई। इसके बाद मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया और महिलाओं को राजनीतिक लड़ाई में घसीटे जाने पर सवाल उठने लगे।
विजय ने विधानसभा में कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक या मानहानिकारक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने संकेत दिया कि ऐसे मामलों में कानून अपना काम करेगा और किसी को भी महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने प्रवीन गणेशन को किया गिरफ्तार
बता दें कि चेन्नई साइबर क्राइम पुलिस ने शनिवार को एंटरप्रेन्योर प्रवीन गणेशन को एक्ट्रेस तृषा कृष्णन के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। 35 साल के गणेशन हांगकांग से आ रहे थे, तभी उन्हें दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया गया।
गणेशन ने एक्स पर एक पोस्ट करके बताया कि "जून में किए गए एक्स पोस्ट को लेकर चेन्नई साइबर क्राइम, तमिलनाडु पुलिस द्वारा जारी लुक आउट सर्कुलर के कारण मुझे दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया है। वह पोस्ट पहले ही डिलीट किया जा चुका है।
