मैटरनिटी लीव तो मिलती ही है, अब पैटरनिटी लीव भी मिलेगी; इस राज्य में 15 दिन की छुट्टी ले सकेंगे पुरुष कर्मचारी

Paternity Leave: तमिलनाडु की जोसेफ विजय सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को पैटरनिटी लीव का तोहफा दिया है। बकौल तमिलनाडु सरकार, अब पुरुष कर्मचारी अपने बच्चों की देखभाल के लिए 15 दिन की पैटरनिटी लीव ले सकेंगे।

Paternity Leave: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने गुरुवार को सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए पहली बार पितृत्व अवकाश या कहें पैटरनिटी लीव (Paternity Leave) देने की बात कही। बकौल मुख्यमंत्री, पुरुष कर्मचारियों को बच्चों की देखभाल के लिए 15 दिन की पैटरनिटी लीव दी जाएगी। राज्य के इतिहास में पहली बार पुरुषों को ऐसी छुट्टियां दी जा रही है।

paternity leave

15 दिन की पैटरनिटी लीव ले सकेंगे सरकारी कर्मचारी (प्रतीकात्मक फोटो साभार: iStock)

सरकार ने कहा कि बच्चे की देखभाल की जिम्मेदारी पुरुषों की भी है। इसी को ध्यान में रखते हुए विवाहित पुरुषों को 15 दिन की पैटरनिटी लीव देने का फैसला लिया गया है।

कब ले सकेंगे पैटरनिटी लीव?

मुख्यमंत्री ने पुरुष कर्मचारियों के लिए नई छुट्टी व्यवस्था लागू करने का आदेश दिया है। सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक, कर्मचारी इस 15 दिन की छुट्टी का लाभ बच्चे के जन्म से 15 दिन पहले या बच्चे के जन्म के छह महीने के भीतर उठा सकते हैं।

365 दिन की मैटरनिटी लीव

सरकार ने बताया कि यह कदम पुरुषों के लिए पैटरनिटी लीव मांगने वाले कर्मचारियों की रिप्रेजेंटेशन के बाद उठाया गया और इस पर सकारात्मक तरीके से विचार किया गया। सनद रहे कि तमिलनाडु में महिला सरकारी कर्मचारियों को 365 दिन की मैटरनिटी लीव (Maternity Leave) दी जाती है।

End Article
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में का...

End of Feed