Bibhav Kumar's Judicial Custody Extended: सीएम केजरीवाल के करीबी बिभव कुमार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अदालत ने एक बार फिर बिभव की न्यायिक हिरासत 16 जुलाई तक बढ़ा दी है। बिभव और केजरीवाल दोनों ही अलग-अलग मामलों के लिए जेल में हैं। बिभव ने जमानत के लिए दिल्ली हाईकोर्ट का भी रुख किया, लेकिन अब तक कोई राहत नहीं मिली है।
बिभव कुमार की न्यायिक हिरासत बढ़ाई गई।
बिभव कुमार को अदालत से फिर लगा झटका
स्वाति मालीवाल मारपीट मामला में बिभव कुमार को कोर्ट से राहत नहीं मिली है। तीस हजारी कोर्ट ने बिभव कुमार की न्यायिक हिरासत 16 जुलाई तक बढ़ा दी। उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया। इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ सीबीआई की अपील पर दिल्ली की एक अदालत ने 12 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
दिल्ली हाईकोर्ट में गिरफ्तारी को दी थी चुनौती
इससे पहले बिभव कुमार ने दिल्ली हाईकोर्ट में आप सांसद स्वाति मालीवाल के साथ मुख्यमंत्री आवास पर कथित मारपीट के सिलसिले में अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी थी। अब तक उनको अदालत की ओर से किसी तरह की कोई खुशखबरी हाथ नहीं लगी है।
स्वाति मालीवाल के साथ कथित मारपीट का मामला
केजरीवाल के सरकारी आवास पर 13 मई को मालीवाल के साथ कथित मारपीट के सिलसिले में कुमार को दिल्ली पुलिस ने 18 मई को गिरफ्तार किया था। बिभव कुमार फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
