पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जीत के बाद से ही वहां बदलावों की बयार चलने लगी है। पीएम मोदी ने आज पश्चिमबंग दिवस के अवसर पर तारकेश्वर में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। वहीं इसी मौके पर सीएम सुवेंदु अधिकारी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कोलकाता में उनकी 125 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही 23 जून को 'बलिदान दिवस' और 6 जुलाई को उनकी 125वीं जयंती राज्यभर में विशेष कार्यक्रमों के साथ मनाई जाएगी।
सुवेंदु अधिकारी।
श्यामाप्रसाद मुखर्जी को मिलेगा सम्मान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। इसी योगदान को सम्मान देने के लिए उनकी विशाल प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। सीएम ने कहा कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उनके राष्ट्रवादी विचारों और योगदान की याद दिलाएगी।
20 जून पश्चिम बंगाल के इतिहास की एक महत्वपूर्ण तारीख
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि 20 जून पश्चिम बंगाल के इतिहास की एक महत्वपूर्ण तारीख है। इसी दिन 1947 में पश्चिमी बंगाल के जनप्रतिनिधियों ने भारत के साथ बने रहने के पक्ष में मतदान किया था, जिससे पश्चिम बंगाल के गठन का रास्ता साफ हुआ। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्षों तक इस ऐतिहासिक दिन और डॉ. मुखर्जी की भूमिका को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया तथा इसे सार्वजनिक विमर्श से दूर रखने की कोशिश की गई।
उन्होंने कहा कि पश्चिमबंग दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि उन लोगों के संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है जिन्होंने विभाजन के समय पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए आंदोलन किया। राज्य सरकार अब इस इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और इसे उचित सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें- PM मोदी का बंगाल से विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- लेफ्ट और TMC ने खोदे गड्ढे, डबल इंजन सरकार भर रही
पीएम मोदी ने की योजनाओं की सौगात
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी समारोह में शामिल हुए। उन्होंने पश्चिमबंग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है और केंद्र सरकार राज्य के बुनियादी ढांचे, कृषि, रेलवे तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ा रही है।
तारकेश्वर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
