महाराष्ट्र के बारामती से सांसद और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले कल होने वाली विपक्षी INDIA ब्लॉक की अहम बैठक में शामिल नहीं होंगी। उन्होंने इसकी वजह शरद पवार की खराब तबीयत को बताया है। शरद पवार फिलहाल मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती हैं। सुप्रिया सुले ने कहा है कि शनिवार को वे मुंबई में ही रहेंगी और सोमवार सुबह संसद के विशेष सत्र में शामिल होने के लिए दिल्ली जाएंगी। गौरतलब है कि विपक्षी गठबंधन की ये बैठक तब हो रही है जब केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र आहूत किया है। इस सत्र में सरकार महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक को पेश करने की तैयारी में है।
सुप्रिया सुले ने विपक्ष की बैठक से बनाई दूरी।
सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को अपने व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिता की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण वह शनिवार को होने वाली विपक्षी दलों की बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगी।
गुरुवार को अस्पताल में भर्ती हुए थे शरद पवार
NCP (SP) प्रमुख शरद पवार को गुरुवार को डिहाइड्रेशन के कारण दक्षिण मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत को देखते हुए सुप्रिया सुले ने मुंबई में ही रुकने का फैसला किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह सोमवार सुबह दिल्ली पहुंचेंगी और संसद के विशेष सत्र में हिस्सा लेंगी। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है।
सुप्रिया सुले की गैरमौजूदगी ऐसे समय में रहेगी, जब विपक्षी दल संसद के विशेष सत्र से पहले सरकार के संभावित परिसीमन विधेयक को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं।
मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर होगी बैठक
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार सुबह 11:30 बजे अपने आवास पर विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाई है। इसमें INDIA ब्लॉक के अलावा डीएमके, आम आदमी पार्टी और बीजू जनता दल जैसे गैर-INDIA दलों को भी आमंत्रित किया गया है। बैठक में सरकार की ओर से महिला आरक्षण के जल्द क्रियान्वयन के लिए परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को दोबारा पेश किए जाने की संभावना पर चर्चा होगी।
