समाजवादी पार्टी (SP) ने सोमवार को कहा कि वह 16 अक्टूबर को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए मंगलवार को अपना तीसरा उम्मीदवार उतारेगी।मंगलवार को द्विवार्षिक चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है।भाजपा और सपा उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीट पर होने वाले चुनाव की तैयारियों में जुटी हैं। भाजपा के पास सीधे तौर पर सात सीट जीतने के लिए पर्याप्त संख्याबल है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी पहले ही पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव और रिलायंस इंडस्ट्रीज के अधिकारी धनराज परिमल नाथवानी को उम्मीदवार बना चुकी है। दोनों ने लखनऊ में अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।
'हमारा तीसरा उम्मीदवार मंगलवार को नामांकन दाखिल करेगा'
पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा, 'सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था कि जरूरी संख्याबल पूरा होने के बाद पार्टी तीसरा उम्मीदवार उतारेगी। अब हमारा तीसरा उम्मीदवार मंगलवार को नामांकन दाखिल करेगा। हमें भरोसा है कि हम भाजपा को करारी शिकस्त देंगे।'हालांकि, चांद ने यह नहीं बताया कि पार्टी का तीसरा उम्मीदवार कौन होगा।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव के लिए टिकट मिलते ही कोयल मल्लिक ने थामा हाथों में कमल, बीजेपी में शामिल
'16 अक्टूबर के चुनाव में मुकाबला होगा या नहीं'
इससे पहले पार्टी सांसद वीरेंद्र सिंह और विधायक रविदास मेहरोत्रा ने इसी तरह के संकेत दिए थे। मंगलवार को यह साफ हो जाएगा कि 16 अक्टूबर के चुनाव में मुकाबला होगा या नहीं।सपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि राज्य के पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप या पार्टी नेता राजपाल कश्यप संभावित उम्मीदवार हो सकते हैं।
'अंतिम फैसला अखिलेश यादव करेंगे'
समाजवादी पार्टी नेता ने कहा, 'अंतिम फैसला अखिलेश यादव करेंगे।' केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और बी. एल. वर्मा समेत उत्तर प्रदेश के सभी 10 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म हो रहा है, जिसकी वजह से राज्यसभा चुनाव हो रहे हैं।
