SP Singh Baghel : किरेन रीजीजू के बाद कानून मंत्रालय से एसपी सिंह बघेल की भी छुट्टी कर दी गई है। बघेल कानून मंत्रालय में राज्य मंत्री थे अब उन्हें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में भेजा गया है। इससे पहले केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रीजीजू को उनके पद से हटाते हुए उन्हें पृ्थ्वी विज्ञान मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई। इसे रीजीजू के पर कतरने के रूप में देखा जा रहा है। अर्जुन राम मेघवाल को कानून मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार दिया गया है।
एसपी सिंह बघेल को मिली नई जिम्मेदारी।
परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री बने बघेल
राष्ट्रपति के प्रेस सचिव की ओर जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि भारत के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह के अनुसार राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में नियुक्त करने का निर्देश दिया है।
राउत ने रीजीजू पर बोला हमला
रीजीजू को कानून मंत्रालय की जगह पृथ्वी-विज्ञान मंत्रालय का कार्य सौंपे जाने पर कांग्रेस समेत विभिन्न विपक्षी दलों ने तंज कसा है। शिवसेना (यूबीटी) ने नेता संजय राउत ने रीजीजू पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र ने आखिरकार सुप्रीम कोर्ट की सुन ली और अखिरकार सजा दे दी है। उन्होंने कहा कि ये फैसला न्याय की जीत है।
न्यायपालिका से टकराव की वजह से हटाए गए रीजीजू!
जानकारों का मानना है कि पिछले कुछ समय से कॉलेजियम से लेकर अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर रीजीजू का दिया गया बयान उनके खिलाफ गया है। ऐसे कई मौके आए जब रीजीजू न्यायपालिका की आलोचना करते दिखे। खासकर हाई कोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट में जजों की नियुक्तियों के बार में उन्होंने जो टिप्पणियां की, इसे न्यायपालिका के साथ उनके टकराव के रूप में देखा गया।
