कुछ लोगों ने पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश की, हम ऐसा होने नहीं देंगे, बोले केजरीवाल और की भगवंत मान सरकार की तारीफ

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 25, 2023, 07:35 PM IST

आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान सरकार की तारीफ की और कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर है। कुछ लोगों ने पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश की, लेकिन हम पंजाब का माहौल खराब नहीं होने देंगे।

KEY HIGHLIGHTS
  • पंजाब में कानून व्यवस्था पर बोले केजरीवाल- पंजाब में अमन-शांति कायम रखना हमारी प्राथमिकता
  • शांति बनाए रखने के लिए कई बार लेने पड़ते हैं सख्त फैसले, सीएम मान ने पंजाब में हालात को बखूबी संभाला
  • कुछ लोगों ने शांति भंग करने की कोशिश की, आज वे डर के मारे भाग रहे हैं, ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा

चंडीगढ़/जालंधर: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति पर भगवंत मान सरकार की तारीफ की और कहा कि राज्य में शांति और कानून व्यवस्था उनकी प्राथमिकता है। शनिवार को डेरा सचखंड बल्लां में श्री गुरु रविदास बानी अध्ययन केंद्र के उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पूर्व में कुछ लोगों ने पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश की, लेकिन हम पंजाब का माहौल खराब नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई बार कड़े फैसले लेने पड़ते हैं और भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार कड़े फैसले लेने में सक्षम हैं।

Arvind Kejriwal

आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि भगवंत मान सरकार ने स्थिति को बहुत अच्छे से संभाला और बिना एक भी गोली चलाए या कोई खून बहाए पूरी स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। उन्होंने कहा कि जो लोग पंजाब के सांप्रदायिक सद्भाव और शांति को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे, वे आज डर के मारे भाग रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि माहौल खराब करने वाले या नशा बेचने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जब 3 करोड़ पंजाबी सरकार के साथ होंगे तो किसी भी नशा तस्कर की हिम्मत नहीं होगी कि वह नशा बेच सके। उन्होंने कहा कि राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है, क्योंकि पिछली सरकारों के दौरान उनके विधायक और मंत्री गैंगस्टर, माफिया और अपराधियों से जुड़े हुए थे। लेकिन 'आप' सरकार की ऐसी सेटिंग किसी से नहीं है, इसलिए आज गैंगस्टरों और माफियाओं को सजा मिल रही है।

End of Feed