विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत तीन राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों की मसौदा मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इन राज्यों में पश्चिम बंगाल, राजस्थान और गोवा और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी और लक्षद्वीप शामिल हैं। इन राज्यों की मसौदा मकदाता सूची में कुल 12.32 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। इससे पहले 27 अक्टूबर तक की मतदाता सूची में 13.36 करोड़ मतदाता दर्ज थे। इस तरह एक करोड़ से अधिक नाम मसौदा सूची में शामिल नहीं पाए गए हैं।
सांकेतिक तस्वीर | PTI
नए मतदाताओं के नाम भी मसौदा सूची में
साथ ही निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने यह भी बताया कि मसौदा मतदाता सूची में उन नए मतदाताओं के नाम भी जोड़े गए हैं, जिन्होंने मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरा था।
पश्चिम बंगाल में 58 लाख मतदाता एएसडी श्रेणी में
पश्चिम बंगाल में 27 अक्टूबर तक 7.66 करोड़ मतदाता दर्ज थे, जिनमें से 7.08 करोड़ के नाम मसौदा मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। करीब 58 लाख मतदाताओं को एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दो स्थानों पर मतदाता) श्रेणी में रखा गया है।
राजस्थान और गोवा का आंकड़ा
राजस्थान में कुल 5.48 करोड़ मतदाताओं में से 5.04 करोड़ के नाम मसौदा सूची में दर्ज हुए हैं, जबकि 44 लाख मतदाता एएसडी श्रेणी में शामिल हैं। गोवा में 11.85 लाख मतदाताओं में से 10.84 लाख को मसौदा मतदाता सूची में जगह मिली है और 1.01 लाख एएसडी श्रेणी में हैं।
पुडुचेरी और लक्षद्वीप की स्थिति
केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में 10.21 लाख मतदाताओं में से 9.18 लाख के नाम मसौदा सूची में दर्ज किए गए हैं, जिससे करीब 1.03 लाख का अंतर सामने आया है। इसी तरह लक्षद्वीप में 27 अक्टूबर तक 58,000 मतदाता थे, जिनमें से 56,384 मतदाताओं के नाम मसौदा सूची में शामिल किए गए हैं।
अंतिम सूची से पहले होगा निर्णय
चुनाव आयोग ने साफ किया है कि जिन मतदाताओं ने एसआईआर फॉर्म वापस नहीं किए, उन्हें एएसडी श्रेणी में रखा गया है। उनके नाम अभी हटाए नहीं गए हैं और फरवरी में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी इन मामलों पर निर्णय लेंगे।
12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एसआईआर की घोषणा
निर्वाचन आयोग ने 27 अक्टूबर को 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एसआईआर की घोषणा की थी, हालांकि बाद में विभिन्न राज्यों के लिए इसकी समयसीमा में संशोधन किया गया।
छह राज्यों में समयसीमा बढ़ी
पिछले सप्ताह मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के अनुरोध पर पांच राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में एसआईआर की समयसीमा बढ़ा दी गई। इनमें तमिलनाडु, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं।
राज्यों के अनुसार नई तारीखें
- तमिलनाडु और गुजरात में गणना की अवधि 14 दिसंबर तक बढ़ाई गई है और मसौदा मतदाता सूची 19 दिसंबर को प्रकाशित होगी।
- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार में गणना 18 दिसंबर तक चलेगी और मसौदा सूची 23 दिसंबर को आएगी।
- उत्तर प्रदेश में गणना की अवधि 26 दिसंबर तक बढ़ाई गई है और मसौदा मतदाता सूची 31 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी।
- केरल में गणना की अवधि 18 दिसंबर को समाप्त होगी और मसौदा मतदाता सूची 23 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी।
