राम मंदिर चंदा चोरी विवाद: ट्रस्ट ने मंजूर किया चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा; अब कृष्ण मोहन संभालेंगे उनका काम

राम मंदिर चंदा चोरी को लेकर चल रही जांच के बीच अयोध्या से बहुत बड़ी खबर सामने आई है। श्रीराम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं।

श्रीराम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए हैं। राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने इसकी पुष्टि की। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तीन घंटे चली बैठक के बाद कोषाध्यक्ष गोविंद गिरी ने पत्रकारों को बताया कि चंपत राय के इस्तीफे के बाद राम मंदिर की व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन के लिए ट्रस्ट ने अंतरिम रूप से कृष्ण मोहन को जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें नई कार्यकारी टीम गठित करने के साथ मंदिर की प्रशासनिक और व्यवस्थागत जिम्मेदारियां प्रभावी ढंग से संभालने का दायित्व दिया गया है।

चंपत राय और अनिल मिश्रा

चंपत राय और अनिल मिश्रा। (फोटो- pti)

कीमती सामान गायब होने संबंधी खबरों को किया खारिज

इस दौरान ट्रस्ट ने मंदिर से कीमती सामान गायब होने संबंधी मीडिया और सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों को पूरी तरह निराधार करार दिया। ट्रस्ट ने उन वस्तुओं को प्रदर्शित भी किया, जिनके बारे में खबरें चल रहीं थी कि वस्तुएं चोरी हो गई हैं। ट्रस्ट का कहना है कि इस तरह के दावे भ्रामक हैं और तथ्यों पर आधारित नहीं हैं। ट्रस्ट के अनुसार,श्रद्धालुओं द्वारा भेंट की गई करीब 2,800 श्रेणियों की वस्तुओं का विस्तृत रिकॉर्ड सुरक्षित रखा गया है और सभी सामान निर्धारित स्थान पर मौजूद हैं। ट्रस्ट ने यह भी साफ किया कि अगर जरूरत हुई तो इस रिकॉर्ड को सार्वजनिक करने में भी कोई आपत्ति नहीं होगी।

End of Feed