Air India Express Flight IX-1086: बेंगलुरु-वाराणसी एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX-1086 पर उस समय भारी अफरातफरी मच गई और सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा जब एक यात्री ने जबरन कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। पायलट कमांड ने अपहरण के डर से कॉकपिट को खोलने नहीं दिया। इस यात्री को CISF के हवाले कर दिया गया है।
Air India Express फ्लाइट में यात्री की हरकत से हड़कंप (File photo: istock)
एअर इंडिया एक्सप्रेस ने एक बयान में बताया, “हमें वाराणसी जाने वाली हमारी एक उड़ान में हुई घटना की जानकारी मिली है, जहां एक यात्री शौचालय की तलाश में कॉकपिट प्रवेश क्षेत्र में पहुंच गया। हम पुष्टि करते हैं कि सुरक्षा के पुख्ता प्रोटोकॉल लागू हैं और सुरक्षा से किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं किया गया।”
विमानन कंपनी ने कहा कि मामले की सूचना विमान के उतरते समय संबंधित अधिकारियों को दे दी गई थी और फिलहाल मामले की जांच जारी है।
वाराणसी में अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) कर्मियों ने विमान के उतरते ही एक व्यक्ति व उसके आठ साथियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें स्थानीय फूलपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि उस व्यक्ति ने उड़ान के दौरान कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की थी। सिंह ने बताया, “उसे (कॉकपिट में प्रवेश की कोशिश करने वाले व्यक्ति को) उतरते ही गिरफ्तार कर लिया गया और हमें सौंप दिया गया। सभी नौ लोग बेंगलुरु के रहने वाले थे और तीर्थयात्रा के लिए वाराणसी आए थे। उनसे पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई उसके आधार पर की जाएगी।”
