असम (Assam) में आज जिस समय खानापारा मैदान में हिमंत बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे थे, उसी में सुरक्षा चूक की बड़ी घटना सामने आई है। यहां से एक शख्स के पास से चार जिंदा कारतूस मिले हैं। संदिग्ध शख्स को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह बरामदगी उस समय हुई जब समारोह में देश के कई बड़े नेता मौजूद थे।
हिमंत बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी सुरक्षा चूक (AI Photo)
मौजूद थे पीएम मोदी
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई केंद्रीय मंत्री मौजूद थे। इसके अलावा एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस समारोह में कई राजनयिक और प्रमुख उद्योगपति भी शामिल हो रहे हैं, साथ ही इसमें लगभग एक लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान है।
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
इतने हाई-प्रोफाइल आयोजन के दौरान जिंदा गोलियां मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी गोलियां लेकर कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचा और उसका उद्देश्य क्या था। अधिकारियों ने बताया कि खानपारा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय परिसर के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच के दौरान व्यक्ति के पास से गोलियां बरामद की गईं। एक अधिकारी ने बताया, "उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उसे बसिष्ठ पुलिस थाने ले जाया जा रहा है।"
पूछताछ जारी
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से ये जिंदा गोलियां बरामद कीं। हालांकि, आरोपी की पहचान और उससे जुड़ी अन्य जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। यह घटना राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य द्वारा हिमंत विश्व शर्मा को मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाने से कुछ ही मिनट पहले हुई।
