कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' में विनायक दामोदर सावरकर (वीर सावरकर) को लेकर कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में उन्हें कानूनी नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस सावरकर के पड़पोते सत्यकी सावरकर की ओर से भेजा गया है, जिसकी जानकारी उनके अधिवक्ता संग्राम कोल्हटकर ने दी है।
सावरकर के पड़पोते ने सोनिया गांधी को भेजा नोटिस (फोटो- Wikimedia commons & congress)
किताब के दो पन्नों पर गलत जानकारी देने का आरोप
अधिवक्ता संग्राम कोल्हटकर के अनुसार, सोनिया गांधी की इस पुस्तक के पृष्ठ संख्या 201 और 443 पर वीर सावरकर के संदर्भ में तथ्यात्मक रूप से गलत जानकारी प्रस्तुत की गई है। सत्यकी सावरकर का कहना है कि किताब में प्रकाशित इन अंशों से उनके पूर्वज वीर सावरकर की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और यह उनकी मानहानि की श्रेणी में आता है।
अदालत जाने की चेतावनी
सत्यकी सावरकर के निर्देश पर भेजे गए इस कानूनी नोटिस में सोनिया गांधी से उन दावों के समर्थन में उपलब्ध तथ्य और प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा गया है। इसके लिए उन्हें 15 दिनों का समय दिया गया है। अधिवक्ता संग्राम कोल्हटकर ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित 15 दिनों की अवधि के भीतर संतोषजनक जवाब या सबूत प्राप्त नहीं होते हैं, तो सत्यकी सावरकर इस मामले में पुणे जिला अदालत में याचिका दाखिल करने की तैयारी में हैं।
