Sanjay Raut Vande Mataram Teleprompter Challenge: देश में 'वंदे मातरम' को लेकर जारी जुबानी जंग अब और तेज हो गई है। मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सीधे निशाने पर लिया। राउत ने दोनों दिग्गज नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि वे किसी सार्वजनिक मंच पर आएं और बिना टेलीप्रॉम्पटर देखे पूरा राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' गाकर दिखाएं।
संजय राउत का पीएम मोदी और अमित शाह पर बड़ा हमला
संजय राउत ने तंज कसते हुए कहा, "पहले मोदी जी को आगे आने दीजिए और बिना टेलीप्रॉम्पटर के पूरा राष्ट्रगीत गाने के लिए कहिए। इसके बाद जय शाह से भी गवाने को कहिए, फिर अमित शाह और जीतन राम मांझी गाएं। आप अगस्त क्रांति मैदान आइए, हम आपको मंच देंगे लेकिन वहां कोई टेलीप्रॉम्पटर नहीं होगा।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: बेंगलुरु-रांची फ्लाइट में यात्री की बिगड़ी तबीयत, दिल्ली से मंगानी पड़ी ऑक्सीजन; 5 घंटे खड़ा रहा Air India Express का विमान
महंगाई और विकास के दावों पर भी साधा निशाना
राष्ट्रगीत के मुद्दे के साथ-साथ संजय राउत ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए अर्थव्यवस्था और महंगाई के मोर्चे पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीते 12 सालों में आम जनता के लिए कुछ भी सस्ता नहीं हुआ है। राउत के मुताबिक, "इन 12 वर्षों में केवल मौतें, हादसे और आत्महत्याएं ही सस्ती हुई हैं, बाकी सब कुछ महंगा हुआ है।" उन्होंने मंत्रियों को नसीहत दी कि युवाओं से संवाद करने के लिए वे केवल यूनिवर्सिटी न जाएं, बल्कि उनके घर और किचन तक पहुंचकर उनके माता-पिता का दर्द समझें।
वंदे मातरम को लेकर बीजेपी और कांग्रेस में छिड़ी है रार
यह पूरा विवाद तब और गहरा गया जब कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) ने अपने कार्यक्रमों में 'वंदे मातरम' के केवल शुरुआती दो छंद गाने का फैसला लिया, जैसा कि 1937 में तय किया गया था। बीजेपी ने इसका कड़ा विरोध करते हुए कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के टुकड़े करने और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। बीजेपी ने पूरे 6 छंद वाले राष्ट्रगीत के सम्मान में देशव्यापी जागरूकता अभियान चलाने का प्रस्ताव पारित किया है। वहीं, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे महात्मा गांधी, सरदार पटेल और रवींद्रनाथ टैगोर की ऐतिहासिक विरासत का पालन कर रहे हैं।
