Samay Raina: स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना हाल ही मुंबई में साइबर अवेयरनेस इवेंट में शामिल हुए। साइबर जागरूकता कार्यक्रम में फडणवीस ने समय रैना समेत कई कलाकारों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में साइबर फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट के खिलाफ जागरूकता अभियान के तहत शॉर्ट फिल्म और 1930 महाराष्ट्र साइबर एंथम भी लॉन्च किया गया।
सीएम फडणवीस ने समय रैना समेत कई कलाकारों को सम्मानित किया। samay raina insta handle
इसी दौरान रैना ने महाराष्ट्र साइबर सेल के साथ अपने पुराने विवाद को याद करते हुए चुटकी ली। समय रैना ने सम्मान मिलने के बाद कहा कि महाराष्ट्र साइबर और उनका रिश्ता काफी पुराना है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि महाराष्ट्र साइबर सेल काफी एक्टिव है और उन्होंने उसका नंबर भी सेव करके रखा है, क्योंकि वहां से उन्हें पहले फोन आ चुका है। उनकी इस बात पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ सीएम फडणवीस भी हंस पड़े।
‘पहली बार उठाकर लाया और सम्मान दिया’
रैना ने आगे अपने पुराने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि यह पहली बार हुआ है जब साइबर सेल का कोई अधिकारी किसी कॉमेडियन को उसके घर से लेकर आया और इस बार उसे सम्मानित किया गया। उनकी इस टिप्पणी ने कार्यक्रम का माहौल हल्का-फुल्का कर दिया। इसी दौरान जब सीएम फडणवीस ने रैना को मंच पर सम्मानित किया। तो रैना ने प्लेट में बिस्किट उठाते हुए अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि सर, बिस्किट ले सकता हूं। इस पर फडणवीस हंसने लगे।
साइबर जागरूकता फिल्म का हुआ लॉन्च
यह कार्यक्रम महाराष्ट्र में साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इस दौरान ‘ऑपरेशन 1930’ नाम की साइबर जागरूकता फिल्म का ट्रेलर और ‘1930 साइबर एंथम’ लॉन्च किया गया। फिल्म का फोकस ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से लोगों को सतर्क करना है। कार्यक्रम में अभिनेता शरद केलकर और जावेद जाफरी समेत कई हस्तियां मौजूद थीं।
पिछले साल विवादों में रहा था ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’
समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ फरवरी 2025 में एक एपिसोड को लेकर विवादों में आ गया था। इस एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया की आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर भारी विवाद हुआ था। मामले में समय रैना समेत शो से जुड़े कई लोगों के खिलाफ शिकायतें और कानूनी कार्रवाई हुई थी। इसके बाद रैना ने शो के सभी एपिसोड हटा दिए थे और जांच में सहयोग करने की बात कही थी।
