समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'सिर्फ दिल्ली में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में युवा, छात्र और नई पीढ़ी सड़कों पर उतरी। देश में एक ऐसा आंदोलन शुरू हुआ जिसने सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया। आपको जंतर-मंतर पर उन छात्रों और युवाओं का लगाया गया नारा याद होगा-'अगर कोई झुकाने का पक्का इरादा रखे, तो सरकार झुकती है।' जिस सरकार ने दावा किया था कि वह कभी नहीं झुकेगी, उसे आखिरकार युवा आंदोलन के आगे झुकना ही पड़ा।'
अखिलेश यादव
उन्होंने आगे कहा, 'हम सबने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'मन की बात' सुनी, लेकिन हम गृह मंत्री अमित शाह का पक्ष नहीं सुन पाए। इस्तीफा हो गया। मंत्री चले गए, लेकिन सरकार बच गई।'
'उत्तर प्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव में 250 से ज्यादा सीटें जीतेगी सपा'
अखिलेश यादव ने वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में 250 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने इन चुनाव के लिए सभी प्रत्याशी अपने 'मन' में तय कर लिये हैं। यादव सहसवान सीट से पांच बार विधायक रह चुके पूर्व मंत्री ओमकार सिंह के निधन के बाद उनके आवास पर श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में यादव ने दावा किया कि उनकी पार्टी अगले साल के शुरू में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 250 से अधिक सीटें जीतेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: लोकसभा के बाद राज्यसभा से भी पास हुआ एंटी पेपर लीक बिल, राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद बनेगा सख्त कानून
उन्होंने कहा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के 'भ्रष्टाचार, गाड़ियों के लिए हानिकारक एथेनॉल को पेट्रोल में मिलाकर बेचने, खराब कानून व्यवस्था, पटरी से उतरी स्वास्थ्य व्यवस्था' जैसे मुद्दों को जनता के सामने रखेगी। समाजवादी पार्टी द्वारा देर से प्रत्याशी घोषित किए जाने के पुराने सिलसिले के बारे में पूछे गए एक सवाल पर सपा प्रमुख ने कहा, '2027 के लिए हमने अपने मन में सब प्रत्याशी तय कर लिए हैं।'
'2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी'
पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद प्रदेश के एक्सप्रेसवे को और अच्छा बनाया जाएगा तथा उनके किनारे मंडी बनाकर किसानों को सुविधा दी जाएगी।यादव ने प्रदेश में एक्सप्रेसवे के निर्माण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने बनाए एक्सप्रेसवे पर इसीलिए नहीं चल रहे हैं क्योंकि वह जानते हैं कि उन्हें खराब तरीके से बनाया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: गृह मंत्री अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए...' 20 जुलाई छात्र कार्रवाई पर CJP नेता अभिजीत दिपके का बड़ा बयान
पेट्रोल में एथेनॉल मिलाये जाने पर भी सवाल खड़े किए
सपा प्रमुख ने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाये जाने पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि अगर ई-20 पेट्रोल का इतना ही फायदा है तो कार निर्माता कंपनियों को अखबारों में विज्ञापन देकर यह बताना चाहिए कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से क्या-क्या लाभ हैं लेकिन अगर वह ऐसा नहीं कर रही हैं तो इसका मतलब यह है कि सरकार उन पर दबाव बना रही है और अपने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए एथेनॉल को पेट्रोल में मिलाया जा रहा है।
'यह भाजपा की नकारात्मक राजनीति को जाहिर करता है'
अखिलेश यादव ने अपने मुख्यमंत्री काल में शुरू की गई पुलिस की डायल 100 सेवा को वर्तमान सरकार द्वारा बर्बाद कर दिए जाने का भी आरोप लगाया।सपा प्रमुख ने दिल्ली में हाल ही में धरना प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और कथित पैलट गन का इस्तेमाल किए जाने पर भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह कार्रवाई करने वाले यह नहीं बता रहे हैं कि यह किसके इशारे पर की गई।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जो सरकार किसी की नहीं सुनती थी वह छात्र आंदोलन के बाद अब कम से कम व्यथा को सुनने लगी है।सपा नेता ने कहा कि छात्रों और युवाओं पर पैलट गन चलाना, लाठी और गोली चलाना तथा लड़कियों से अभद्रता करना अलोकतांत्रिक कृत्य था और यह भाजपा की नकारात्मक राजनीति को जाहिर करता है।
