Salman Khan case: मुंबई क्राइम ब्रांच ने सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की साजिश का पर्दाफाश किया है। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में राजस्थान से मास्टरमाइंड रफीक चौधरी की गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के मुताबिक मुंबई क्राइम ब्रांच ने रफीक को गिरफ्तार किया है। उसे राजस्थान के नागौर से गिरफ्तार करने की सूचना है। मुंबई क्राइम ब्रांच जल्द मामले का खुलासा करेगी।
एक आरोपी ने की खुदकुशी
इससे पहले इस मामले में आरोपियों को हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी अनुज थापन ने मुंबई पुलिस की कस्टडी में आत्महत्या कर ली थी। एक मई को खुदकुशी की कोशिश के बाद अनुज थापन को जीटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। उस पर शूटरों को हथियार दिलाने का आरोप था। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने दहशत फैलाने के लिए सलमान के घर के बाहर फायरिंग करवाई थी। ये हाई प्रोफाइल मामला तुरंत सुर्खियों में आ गया था।
14 अप्रैल को हुई थी फायरिंग
बता दें कि सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट पर 14 अप्रैल की सुबह पांच बजे दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने गोलीबारी की थी। इस मामले में पुलिस ने IPC की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने 16 अप्रैल को दो आरोपियों विक्की गुप्ता और सागर पाल को गुजरात के भुज से गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने कहा कि जब गुप्ता मोटरसाइकिल चला रहा था तो पाल ने गोलियां चलाई थीं। इससे सलमान का परिवार दहशत में आ गया था।
